हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते पुलिस कांस्टेबल को किया गिरफ्तार
Udaipur Times, Haryana news: हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के फरीदाबाद में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए NIT-5 थाने में तैनात सिपाही पंकज को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार, ACB की टीम ने आरोपी को मौके से ही रिश्वतके पैसे सहित पकड़ा है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता सौरभ ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि वर्ष 2020 में एनआईटी थाने में दर्ज एक मामले के संबंध में उसके चाचा के नाम कोर्ट से नोटिस आया था। इस नोटिस का जवाब तैयार कराने और मामले में कार्रवाई में मदद करने के नाम पर एनआईटी-5 थाना में तैनात सिपाही पंकज उससे 2 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने इसकी जानकारी ACB को दी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले पूरे मामले का सत्यापन किया। ACB टीम ने तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता सौरभ रिश्वत की रकम लेकर सिपाही के पास पहुंचा।
जैसे ही उसने सिपाही पंकज को 2 हजार रुपए दिए, पहले से तैनात ACB की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही रिश्वत की रकम सहित गिरफ्तार कर लिया।
