हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, पुलिस सब-इंस्पेक्टर 35 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, पुलिस सब-इंस्पेक्टर 35 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा सरकार की भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त नीति के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए फतेहाबाद जिले में तैनात एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर महेंद्र को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी  वर्तमान में पुलिस थाना सदर टोहाना, जिला फतेहाबाद में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत था।

क्या था मामला

प्राप्त शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता के खिलाफ थाना सदर टोहाना में एक शिकायत लंबित थी। मामले की जांच कर रहे आरोपी सब-इंस्पेक्टर महेंद्र ने शिकायत को निपटाने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जींद इकाई ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। 

ट्रैप के दौरान आरोपी सब-इंस्पेक्टर को थाना सदर टोहाना परिसर में 35,000 रूपये की रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया तथा मामले की गहन जांच जारी है। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ  भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के अंतर्गत थाना SV&ACB करनाल में मामला दर्ज किया गया है।

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी सूचना तत्काल ब्यूरो को दें, ताकि भ्रष्टाचार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News