हरियाणा सरकार का बड़ा एक्शन ! सितंबर महीने में कटे 13265 BPL-AY राशन कार्ड, जाने वजह ?
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा में सितंबर माह में 13,265 लोगों के BPL व एवाई (अंत्योदय अन्न योजना) राशन कार्ड कटे हैं। कारण, वार्षिक आय में बढ़ोतरी और अत्यधिक बिजली बिल आना आदि है। इनमें सबसे ज्यादा पानीपत जिले में 2,872 कार्ड कटे हैं।
हरियाणा में अगस्त माह में कार्डधारकों की संख्या जहां 39,89,538 थी, वह सितंबर में घटकर 39,76,273 रह गई है। वहीं पानीपत में भी आंकड़ा 2,06,456 से घटकर अब 2,03,584 पर आ गया है। उधर, नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रीड) अकेले रहने वाले (सिंगल) लोगों की भी गहनता से जांच में लगा है, ताकि फर्जीवाड़ा रोका जा सके।
बता दें कि BPL व एवाई कार्डधारकों को सरकारी डिपो के जरिये हर माह प्रति यूनिट 5 किलोग्राम गेहूं, एक कार्ड पर 1 किलोग्राम चीनी व 2 लीटर सरसों तेल मिलता है। इसके अलावा उक्त परिवारों के लिए काफी योजनाएं भी चलाई गई हैं। राशन और योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों ने पीपीपी में वार्षिक इनकम कम दिखा राशन कार्ड बनवा रखे हैं, पर जांच व मैपिंग में जैसे जैसे पता चल रहा है, वैसे ही वार्षिक इनकम बढ़ने पर कार्ड कट रहे हैं।
ज्यादातर रह रहे परिवार संग
सिंगल (अकेले रहने वाले) लोगों के लिए सरकार योजना लाने की तैयारी है। पर पहले इनकी जांच हो रही है, ताकि ये पता लग सके कि इनमें असल में कितने लोग अकेले रहते हैं। क्रीड द्वारा जांच की जा रही है। पानीपत में 3,78,350 परिवार पहचान पत्रों (पीपीपी) में से 15,820 लोगों की सिंगल पीपीपी बनी है। पर जांच में ज्यादातर संयुक्त परिवार में रहते मिल रहे हैं। अब क्रीड विभाग उनको मूल परिवार के साथ ही पीपीपी में जोड़ रहा है।