त्योहारी सीजन से पहले बड़ा झटका ! एक अक्तूबर से AC, TV, फ्रिज खरीदना होगा इतना महंगा ?
Udaipur Times, New Delhi : त्योहारी सीजन से ठीक पहले आम लोगों को बड़ा झटका लगने वाला है। AC, LED TV, वॉशिंग मशीन और फ्रिज समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान एक अक्तूबर से महंगे होने वाले हैं। कंपनियां कीमतों में 3 से 8 फीसदी तक बढ़ोतरी की तैयारी में हैं।
मिली जानकारी के अनुसार AC के दाम करीब 5 से 8 फीसदी, जबकि कुछ कंपनियां TV, वॉशिंग मशीन और फ्रिज के दाम 3 से 4 फीसदी बढ़ा सकती हैं। यह इस साल तीसरी बढ़ोतरी होगी। हालांकि, कुछ कंपनियां अभी बाजार की स्थिति का आकलन कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक बी. त्यागराजन के मुताबिक, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के कारण AC और डीप फ्रीजर के दाम पहले ही 5 से 8 फीसदी बढ़ाए जा चुके हैं। कंपनी इस साल अब तक तीन बार कीमतें बढ़ा चुकी है।
जानकारी के मुताबिक गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के बिजनेस हेड और कार्यकारी उपाध्यक्ष कमल नंदी ने कहा कि पिछली कीमत समीक्षा के बाद कच्चे माल की लागत 8 से 10 फीसदी बढ़ी है। इसलिए अलग-अलग सामान में 5 से 7 फीसदी बढ़ोतरी जरूरी हो गई है। इसी तरह हायर इंडिया के चेयरमैन एन.एस. सतीश बताते हैं कि तांबे का दाम पिछले साल के 8,000-9,000 डॉलर प्रति टन से बढ़कर करीब 14,500 डॉलर हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार एक AC में औसतन 3 से 4 किलो तांबा लगता है। ऐसे में इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स के दामों में वृद्धि स्वाभाविक है।
मिली जानकारी के अनुसार डाइकिन एयरकंडीशनिंग इंडिया के चेयरमैन कंवलजीत जावा ने बताया कि कंपनी ने 16 सितंबर से ही कीमतों में 8 से 10 फीसदी बढ़ोतरी कर दी है। उनके मुताबिक, तांबे के दाम 25 से 35 फीसदी बढ़े हैं और डॉलर मजबूत होने से लागत का दबाव बढ़ा है।
त्योहारी मौसम में ग्राहकों को लगेगा झटका
जानकारी के मुताबिक तांबा, एल्युमिनियम, स्टील और प्लास्टिक जैसे कच्चे माल की कीमतें बढ़ी हैं। माल ढुलाई खर्च भी बढ़ा है। डॉलर मजबूत होने से आयातित सामान की लागत बढ़ी है। AC में तांबे की खपत अधिक होने के कारण इसकी कीमतों का सीधा असर उत्पादन लागत पर पड़ रहा है। इससे त्योहारी मौसम में ग्राहकों को AC, TV, फ्रिज और वॉशिंग मशीन खरीदने के लिए ज्यादा पैसा देना पड़ सकता है।