उदयपुर में फायर सेफ्टी पर बड़ा अभियान, निगम की 3 टीमें करेंगी औचक निरीक्षण
Udaipur Times, Udaipur Latest News: 11 जून 2026। अग्नि सुरक्षा को लेकर नगर निगम ने शहर में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया है जो शहर की सभी व्यापारिक संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु अपनाये जाने वाले मापदंडों का अवलोकन करेंगी। Udaipur Latest News
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि विभिन्न शहरों में हाल ही में हुई भीषण आगजनी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए उदयपुर शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए व्यापक अग्नि सुरक्षा सर्वेक्षण अभियान प्रारंभ किया है। आयुक्त खन्ना ने कहा कि उदयपुर पर्यटन नगरी भी है हर समय यहां पर हजारों की संख्या में देशी एवं विदेशी सैलानी मौजूद रहते है इसलिए कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हो इसलिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है जो शहर की सभी संस्थाओं का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु कार्य करेंगी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी चौधरी ने गठित टीमों की ली बैठक
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देशानुसार अग्निशमन विभाग द्वारा गठित तीन सर्वेक्षण टीमों की बैठक बुधवार को अभियान केंद्र अशोकनगर में आयोजित की गई। बैठक में तीनों टीमों के प्रभारी एवं सदस्य उपस्थित रहे तथा उन्हें सर्वेक्षण की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और दायित्वों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को बताया गया कि अभियान के अंतर्गत शहर के समस्त होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन, मल्टीप्लेक्स, कोचिंग संस्थान, हॉस्पिटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान तथा अन्य उच्च जोखिम वाले भवनों का निरीक्षण किया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास व्यवस्था, जल भंडारण क्षमता तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जाएगी। जहां भी कमियां पाई जाएंगी, वहां संबंधित संस्थानों को तत्काल नोटिस जारी कर निर्धारित समय में सुधार सुनिश्चित कराया जाएगा। टीम में अग्निशमन अधिकारी शिवराम मीणा , नवदीप सिंह बग्गा, दिनेश मेघवाल, विद्युत शाखा के अधिकारी आदि उपस्थित रहे। Udaipur Latest News
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि जयपुर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में घटित हालिया आगजनी की घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर परिणाम ला सकती है। ऐसे में प्रत्येक संस्थान और भवन संचालक की जिम्मेदारी है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करें तथा सभी उपकरणों को कार्यशील स्थिति में रखें। Udaipur Latest News
लापरवाही मिलने पर होगी कार्यवाही
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि जिन भवनों में अभी तक फायर सेफ्टी सिस्टम स्थापित नहीं किया गया है, वे तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर एसएसओ पोर्टल के माध्यम से फायर एनओसी के लिए आवेदन करें। निर्धारित नियमों की अवहेलना करने वाले संस्थानों के विरुद्ध निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भवनों को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। चौधरी ने शहर के नागरिकों एवं संस्थानों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा को केवल औपचारिकता न मानकर जनसुरक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व समझें तथा किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
