इनकम टैक्स को लेकर हुआ बड़ा बदलाव ! जानिए नए नियमों का आप पर क्या होगा असर ?
Udaipur Times, Income Tax : अगर आप इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरते हैं या टैक्स का भुगतान करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। 1 अप्रैल 2026 से देश में आयकर व्यवस्था में कई बड़े बदलाव हो चुके हैं। केंद्र सरकार ने नए आयकर अधिनियम, 2025 के तहत कई नियमों में संशोधन किए हैं।
1. नया आयकर अधिनियम लागू
करीब 60 साल पुराने आयकर अधिनियम, 1961 की जगह अब आयकर अधिनियम, 2025 लागू हो गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नए कानून में भाषा को सरल बनाया गया है और कई कानूनी जटिलताओं को कम करने की कोशिश की गई है।
2. ITR भरने की तारीख में बदलाव
अब ITR-3 और ITR-4 दाखिल करने वाले गैर-ऑडिट करदाताओं को ज्यादा समय मिलेगा। इनकी अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी गई है। वहीं ITR-1 और ITR-2 की अंतिम तिथि पहले की तरह 31 जुलाई ही रहेगी। टैक्स ऑडिट की आखिरी तारीख में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
3. TCS नियमों में बदलाव
सरकार ने टैक्स कलेक्टेड एट सोर्स (TCS) की कई दरों में बदलाव किया है। शराब, स्क्रैप और कुछ खनिजों की बिक्री पर TCS बढ़ाकर 2% कर दिया गया है। वहीं तेंदूपत्ता की बिक्री पर TCS घटाकर 2% किया गया है।
4. विदेश यात्रा पर राहत
विदेश यात्रा की योजना बना रहे लोगों को राहत मिली है। LRS के तहत विदेश यात्रा पैकेज पर अब 2% की एक समान TCS दर लागू होगी। पहले अलग-अलग दरें लागू थीं। विदेश में शिक्षा और इलाज के लिए भेजी जाने वाली रकम पर भी TCS घटाकर 2% कर दिया गया है।
5. शेयर बाजार में कारोबार होगा महंगा
फ्यूचर और ऑप्शन (F&O) में ट्रेडिंग करने वाले निवेशकों के लिए सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) बढ़ा दिया गया है। इससे डेरिवेटिव ट्रेडिंग की लागत पहले की तुलना में बढ़ जाएगी।
6. शेयर बायबैक और डिविडेंड पर नए नियम
अब कंपनियों के शेयर बायबैक से होने वाली आय पर कैपिटल गेन टैक्स लागू होगा। साथ ही, डिविडेंड कमाने के लिए लिए गए लोन के ब्याज पर मिलने वाली टैक्स कटौती की सुविधा भी खत्म कर दी गई है। यानी अब डिविडेंड आय पर टैक्स की गणना नए नियमों के अनुसार होगी।
इन बदलावों का असर नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों, निवेशकों और विदेश यात्रा करने वालों समेत लगभग सभी टैक्सपेयर्स पर पड़ेगा। ऐसे में ITR दाखिल करने या निवेश संबंधी फैसले लेने से पहले नए नियमों को समझ लेना जरूरी है।
