हरियाणा में पशुपालकों का बड़ा फैसला ! दूध ₹100 लीटर की तैयारी, देसी घी खरीदना भी होगा महंगा
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा में पशुपालकों ने बड़ा फैसला लिया है। महाराष्ट्र के बाद अब हरियाणा में भी दूध के दाम बढ़ सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के चार जिलों के कुछ गांवों में पशुपालकों ने एक सितंबर से भैंस का दूध 100 रुपए प्रति लीटर और कुछ जगह गाय का दूध 80 रुपए प्रति लीटर बेचने का फैसला लिया है। इस समय भैंस का दूध 70 से 80 रुपए और गाय का दूध 50 से 60 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।
जानकारी के लिए आपको बता दें की दूध के रेट बढ़ाने की इस मुहिम की शुरुआत हिसार के राजथल गांव से हुई। यहां पशुपालकों ने भैंस का दूध 100 रुपए प्रति लीटर, गाय का दूध 80 रुपए प्रति लीटर और इसके साथ -साथ देसी घी 1500 से 2000 रुपए प्रति किलो करने का फैसला लिया। इसके बाद हांसी, कुरुक्षेत्र, कैथल और जींद जिले के गांवों में भी पशुपालकों ने बैठकें कर इसी तरह के फैसले लिए।
जानकारी के मुताबिक, इस बीच डेयरी फार्मर्स एसोसिएशन (DFA) ने भी वीटा के अलग-अलग प्लांटों में ज्ञापन सौंपकर दूध के दाम 2 से 3 रुपए प्रति लीटर बढ़ाने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि पशु आहार, तूड़ी और अन्य जरूरी चीजों के दाम बढ़ने से पशुपालकों की लागत लगातार बढ़ रही है। तेल महंगा होने से दूध की ढुलाई का खर्च भी बढ़ गया है।
इन जिलों में दूध के रेट बढ़ाने के प्रस्ताव…
हांसी के गांव राजथल, भैणीअमीपुर और मिर्चपुर में पशुपालकों ने दूध के रेट में 20 से 30 रुपए प्रति लीटर बढ़ोतरी की मांग की है। उनका कहना है कि 4 सितंबर से भैंस का दूध 100 रुपए और गाय का दूध 80 रुपए बेचा जाएगा। इसके अलावा देसी घी के दाम भी 500 रुपए बढ़ाने की बात कही गई है।
बताया जा रहा है की कुरुक्षेत्र के पिहोवा में किसानों ने रेस्ट हाउस में बैठक कर 10 सितंबर को बड़ी महापंचायत बुलाने का फैसला लिया है। इसमें दूध के रेट बढ़ाने को लेकर फैसला किया जाएगा। किसानों का कहना है कि महंगाई के कारण पशुपालकों पर लगातार आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
कैथल के धनौरी गांव में पशुपालकों ने दूध के दाम 100 रुपए प्रति लीटर करने का फैसला लिया है। एक सितंबर से गांव के पशुपालक 100 रुपए प्रति लीटर दूध बेचेंगे। पशुपालकों का कहना है कि खल-बिनौले महंगे होने के कारण दूध बेचने से होने वाली कमाई में कुछ नहीं बच रहा।
इसके अलावा जींद के जुलाना तहसील के सिरसा खेड़ी गांव में भी पशुपालकों ने एक सितंबर से दूध 100 रुपए प्रति लीटर बेचने का फैसला लिया है। साथ ही पशुपालकों ने यह भी तय किया है कि उनके बीच का कोई पशुपालक इससे कम दाम पर दूध बेचता है तो उस पर 5,100 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।