रेलवे की यात्रियों को बड़ी सौगात ! मथुरा-अलीगढ़ तक बिछाई जाएगी नई रेल लाइन, लाखों यात्रियों को मिलेगा फायदा
Udaipur Times, Railway news : रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। यूपी के मथुरा और अलीगढ़ के बीच रेल संपर्क बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। रेलवे उत्तर पूर्व रेलवे के मथुरा-कासगंज रेलखंड पर मेड़ू जंक्शन के रास्ते प्रस्तावित मथुरा-अलीगढ़ रेल लाइन का अंतिम स्थल सर्वेक्षण करा रहा है। जानकरी के मुताबिक, मथुरा की सांसद हेमा मालिनी के प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेमा मालिनी ने 14 सितंबर को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर इस रेल लाइन का प्रस्ताव दिया था।
मिली जानकरी के अनुसार, शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह और आगरा मंडल का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसदों के बीच हुई बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य आगरा मंडल में रेल सेवाओं को बेहतर बनाना था। आजादी के 79 वर्ष बाद भी मथुरा और अलीगढ़ के बीच सीधा रेल संपर्क नहीं है। इसके चलते हजारों यात्रियों को प्रतिदिन करीब 60 किलोमीटर की दूरी तय करने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जानकारी के मुताबिक, सांसद हेमा मालिनी ने भी कहा था कि इस रेल संपर्क से दोनों शहरों के बीच यात्रा सुगम होगी और यात्रियों के समय की बचत होगी। इसके अलावा रेलवे ने आगरा-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस का मथुरा तक विस्तार करने की मांग पर भी विचार करने का आश्वासन दिया है।
इसके अलावा गोंडा जिले में झिलाही और टिकरी नई लाइन(15.72 किमी) बनाने की कवायद भी तेज हो गई है। मनकापुर में वाई-कनेक्शन के साथ मनकापुर-टिकरी के बीच दोहरीकरण (28.37 किमी) परियोजना के अंतर्गत इसे वर्ष 2025 में 280.17 करोड़ की लागत से मंजूरी दी गई है। इसके तहत मनकापुर से टिकरी तक लाइन का दोहरीकरण भी किया जाएगा।