हरियाणा में किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना के तहत जल्दी करें आवेदन
Udaipur Times, Haryana news : किसानों को बागवानी फसलों में प्राकृतिक आपदाओं के कारण होने वाले नुकसान से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना चलाई जा रही है। जिला उद्यान विभाग ने जिला के बागवानी किसानों से आह्वान किया है कि वे योजना का लाभ लेने के लिए अपनी बागवानी फसलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को मेरी फसल- मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। इसके बाद किसान https://mbby.hortharyana.gov.in पर अपनी बागवानी फसलों का बीमा करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सब्जियों, फलों और मसालों की फसलों को ओलावृष्टि, पाला, बाढ़, बादल फटना, आंधी-तूफान, आग, अत्यधिक तापमान और सूखा जैसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से सुरक्षा प्रदान की जाती है। योजना के अंतर्गत फलों की खेती पर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ तथा सब्जियों और मसालों की खेती पर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ की बीमा राशि निर्धारित की गई है। इसके लिए किसानों को फलों की फसल पर एक हजार रुपये प्रति एकड़ तथा सब्जियों और मसालों की फसल पर 800 रुपये प्रति एकड़ प्रीमियम देना होगा। योजना में कुल 46 फसलों को शामिल किया गया है, जिनमें आम, अमरूद, किन्नू, बेर, लीची, अनार, आलू, प्याज, टमाटर, फूलगोभी, मटर, गाजर, मिर्च, धनिया, लहसुन सहित अन्य बागवानी फसलें शामिल हैं। योजना के तहत फसल नुकसान का सर्वे करवाकर निर्धारित मानकों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फसल नुकसान 20 प्रतिशत से कम होने पर कोई मुआवजा नहीं मिलेगा, जबकि 20 से 40 प्रतिशत नुकसान पर 25 प्रतिशत, 40 से 60 प्रतिशत नुकसान पर 50 प्रतिशत, 60 से 80 प्रतिशत नुकसान पर 75 प्रतिशत तथा 80 प्रतिशत से अधिक नुकसान होने पर 100 प्रतिशत मुआवजा दिया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित पंजीकरण अवधि का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि तय समय सीमा में पंजीकरण करवाने पर ही फसल नुकसान की भरपाई का लाभ मिल सकेगा। किसान अधिक जानकारी के लिए जिला स्तर पर जिला उद्यान अधिकारी तथा ब्लॉक स्तर पर उद्यान विकास अधिकारी के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
किसान इन तिथियों अनुसार करवा सकते हैं मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना के लिए पंजीकरण
जिला उद्यान विभाग ने बताया कि लौकी, करेला, फूलगोभी, अमरूद, भिंडी, बैंगन, ककड़ी, टिंडा, तोरई, कद्दू, खीरा और अरबी के लिए एक अप्रैल से 31 जुलाई तक पंजीकरण करवाएं। इसी प्रकार से खरीफ प्याज के लिए एक अगस्त से 25 सितंबर, अमरूद (बरसाती) के लिए एक अप्रैल से 31 मई तथा अमरूद (शीतकालीन) और बेर के लिए एक सितंबर से 31 अक्टूबर तक पंजीकरण होगा। ड्रैगन फरूट और हल्दी के लिए एक मई से 31 जुलाई और अनार, मालटा, नींबू, संतरा, आंवला और किन्नू के लिए एक मार्च से 31 मई तथा आड़ू, नाशपाती, आलूबुखारा, जामुन, अंगूर, लीची, अंजीर, खजूर और आम के लिए एक फरवरी से 31 मई तक पंजीकरण की अवधि निर्धारित की गई है।
इसी प्रकार चीकू के लिए एक सितंबर से 30 नवंबर तथा स्ट्रॉबेरी के लिए एक सितंबर से 31 जनवरी तक पंजीकरण करवाया जा सकेगा। टमाटर, आलू, फूलगोभी, गाजर, पत्ता गोभी, मटर, मूली और लहसुन के लिए 15 सितंबर से 31 जनवरी, रबी प्याज के लिए 15 दिसंबर से 31 जनवरी तथा जुकिनी के लिए 15 नवंबर से 31 जनवरी तक पंजीकरण होगा। वहीं भिंडी, लौकी, करेला, बैंगन, मिर्च, शिमला मिर्च, खरबूजा, तरबूज, ककड़ी, टिंडा, तोरई और कद्दू के लिए 15 जनवरी से 15 मार्च तक पंजीकरण करवाया जा सकेगा। किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल के अनुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण करवाकर मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना का लाभ उठाएं।