2.5 लाख परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी, सरकार फ्री लगाएगी घरों में सोलर पैनल
Udaipur Times, Bihar BPL Family get Free Solar Panel : गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत देने के लिए बिहार सरकार ने एक बड़ी पहल शुरू की है। "कुटीर ज्योति योजना" के तहत पात्र परिवारों की छतों पर मुफ्त में रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को बिजली बिल के बोझ से राहत देना और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है। यह योजना केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से भी जुड़ी हुई है।
किन लोगों को मिलेगा योजना का लाभ?
सरकार ने योजना का लाभ सही जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए कुछ पात्रता शर्तें तय की हैं। आवेदन करने वाले परिवार के पास पक्की और छाया रहित छत होनी चाहिए, जहां सोलर पैनल आसानी से लगाए जा सकें। लाभार्थी को स्थापना के लिए अपनी सहमति देनी होगी।
योजना के तहत निम्न वर्गों को प्राथमिकता दी जाएगी:
बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवार
कुटीर ज्योति बिजली कनेक्शन वाले उपभोक्ता
ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार
यह योजना बिहार के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लागू होगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोलर पैनल लगाने के लिए लाभार्थियों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
सरकार उठाएगी पूरा खर्च
योजना के तहत सोलर पैनल लगाने का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। लाभार्थियों को केवल पैनलों की नियमित सफाई और उनकी सुरक्षा का ध्यान रखना होगा। स्थापना, उपकरण और अन्य सभी खर्च सरकार की ओर से किए जाएंगे।
क्या होंगे फायदे?
रूफटॉप सोलर सिस्टम लगने के बाद परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बिजली आसानी से मिल सकेगी। इससे पंखे चलाने, बल्ब जलाने और मोबाइल चार्ज करने जैसी बुनियादी जरूरतें बिना अतिरिक्त बिजली बिल के पूरी हो सकेंगी।
योजना के प्रमुख लाभ:
बुनियादी बिजली उपयोग के लिए शून्य बिजली खर्च
पारंपरिक बिजली आपूर्ति पर निर्भरता कम होगी
पर्यावरण अनुकूल स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग बढ़ेगा
राज्य सरकार द्वारा दी जा रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली के अतिरिक्त बचत होगी
गरीब परिवारों का मासिक खर्च कम होगा
सरकार का मानना है कि इस योजना से लाखों गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
पहले चरण में 2.5 लाख परिवारों को लाभ
योजना के पहले चरण में 2.5 लाख बीपीएल परिवारों की छतों पर 1.5 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल मुफ्त में लगाए जाएंगे। इसके अंतर्गत नालंदा में 9800, पूर्णिया में 7914, कटिहार में 7380, भागलपुर में 6868, औरंगाबाद में 6578, बांका में 6465, नवादा में 5535 और अरवल में 2808 बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे।
