हरियाणा में क्लर्कों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब मिलेगा 3 अतिरिक्त वेतनवृद्धि का लाभ
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा सरकार ने क्लर्कों को बड़ी राहत देते हुए अतिरिक्त वेतनवृद्धि देने के नियमों में संशोधन किया है। वित्त विभाग ने 30 जून 2026 को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। नए आदेश के तहत अब 2020 से पहले के सभी वरिष्ठ क्लर्कों को तीन अतिरिक्त वेतनवृद्धियां व 2020 बैच के क्लर्कों को दो अतिरिक्त वेतनवृद्धियां उनके वर्तमान वेतन स्तर अथवा एसीपी स्तर पर दी जाएंगी।
वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 8 फरवरी 2024 को क्लर्क के पद का वेतन स्तर एफपीएल-2 से बढ़ाकर एफपीएल-3 किया गया था। उस समय कुछ अन्य लाभ भी निर्धारित किए थे।
पहले के प्रावधानों के अनुसार एसईईटीसी परीक्षा उत्तीर्ण करने और परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पूरी करने वाले क्लर्कों को नियमित सेवा के आठ वर्ष पूरे होने तक एक अतिरिक्त वेतनवृद्धि का लाभ दिया जाना था। इसके बाद प्रथम एसीपी मिलने पर उनका वेतन इस प्रकार निर्धारित किया जाना था मानो यह अतिरिक्त वेतनवृद्धि पहले दी ही नहीं गई हो।
इसके अलावा पहले यह व्यवस्था भी थी कि 27 वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद भी पदोन्नति नहीं मिलने वाले क्लर्कों को एक अतिरिक्त वेतनवृद्धि दी जाएगी। हालांकि, क्लेरिकल एसोसिएशन वेलफेयर सोसाइटी (हरियाणा) की मांग पर राज्य सरकार ने इस पूरे मामले पर दोबारा विचार किया और अब पुराने प्रावधानों में संशोधन कर दिया है।
नए आदेश के तहत अब 27 वर्ष की सेवा पूरी होने पर मिलने वाली एक अतिरिक्त वेतनवृद्धि का प्रावधान समाप्त कर दिया है। इसके स्थान पर वरिष्ठ क्लर्कों को तीन व 2020 बैच के क्लर्कों को दो अतिरिक्त वेतनवृद्धियां देने का निर्णय लिया गया है। इन कर्मचारियों का वेतन हरियाणा सिविल सेवा (वेतन) नियम 2016 के अनुसार पुनर्निर्धारित किया जाएगा। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन क्लर्कों को 27 वर्ष या उससे अधिक सेवा के आधार पर पहले अतिरिक्त वेतनवृद्धि मिल चुकी है, उसे अब पूर्व प्रभाव से समायोजित करते हुए तीन अतिरिक्त वेतनवृद्धियों के लाभ में शामिल किया जाएगा।
वित्त विभाग ने यह आदेश सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों, उपमंडल अधिकारियों (सिविल), पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल व अन्य संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए भेज दिया है।
