लिव-इन में रहने वाले जोड़ों के लिए बड़ी खबर ! एक महीने में कराना होगा पंजीकरण, जाने नियम और शर्तें ?
Udaipur Times, Chandigarh News : लिव-इन में रहने वाले जोड़ों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर हरियाणा राज्य विधि आयोग की ओर से तैयार मसौदा विधेयक में लिव-इन संबंधों (सहमति संबंध) को लेकर भी नियम बनाए गए हैं। मसौदे के अनुसार लिव-इन में रहने वाले जोड़ों को एक माह के भीतर संयुक्त बयान देकर पंजीकरण कराना होगा।
रजिस्ट्रार 30 दिन में पंजीकरण करेगा या इन्कार का कारण लिखित में बताएगा। बयान पुलिस थाने को भेजा जाएगा। किसी साथी की उम्र 21 साल से कम होने पर उसके माता-पिता या अभिभावकों को भी सूचना दी जाएगी।
पहले से विवाहित, किसी अन्य लिव-इन संबंध में रह रहे या नाबालिग के साथ लिव-इन पंजीकृत नहीं होगा।
एक माह से अधिक समय तक बिना बयान दिए लिव-इन में रहने पर तीन महीने तक जेल, 10 हजार रुपये जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। नोटिस मिलने के बाद भी बयान नहीं देने पर छह महीने तक जेल या 25 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
जबरदस्ती या धोखे से संबंध बनाने पर पांच साल तक की सजा हो सकती है। लिव-इन साथी के महिला को छोड़ने पर वह सक्षम अदालत में भरण-पोषण मांग सकेगी। ऐसे संबंध से जन्मे बच्चे को जोड़े की वैध संतान माना जाएगा।
बराबरी का अधिकार
आयोग ने हरियाणा की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और जमीन के मालिकाना हक को सामाजिक-आर्थिक ताकत से जोड़ते हुए बेटियों को समान उत्तराधिकार देने की जरूरत बताई है। मसौदे में बिना वसीयत मृत्यु होने पर संपत्ति के वारिसों की प्राथमिकता तय की गई है। पहली श्रेणी में जीवनसाथी, बच्चे और माता-पिता सहित निर्धारित रिश्तेदार होंगे।
बेटे और बेटियों को समान हिस्सा मिलेगा। पहले मृत हो चुके बेटे या बेटी की संतान को भी उनके हिस्से के अनुसार अधिकार मिलेगा। इसके बाद दूसरी श्रेणी के रिश्तेदार उत्तराधिकारी होंगे। वसीयत बनाने, उसे बदलने और उसकी वैधता के नियम भी दिए गए हैं।