कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर ! अब दर्शन से पहले कराना होगा पंजीकरण
Udaipur Times, New Delhi, नैनीताल : कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन जल्द पंजीकरण व्यवस्था लागू करेगा। जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं को धाम पहुंचने से पहले पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। इसके जरिए प्रशासन श्रद्धालुओं की संख्या और आसपास उपलब्ध ठहरने की क्षमता का आकलन कर भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था करेगा।
मिली जानकारी के मुताबिक मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को पंजीकरण पोर्टल जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। कैंची धाम में जून के बाद से भीड़ लगातार बढ़ी है। मेले के तीन दिनों में करीब 1.30 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि सामान्य सप्ताहांत में 20 से 25 हजार और पिछले सप्ताहांत एक दिन में करीब 40 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी सामने आई।
जानकारी के अनुसार मंदिर में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग व्यवस्था करने, प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी बढ़ाने और सप्ताहांत में अधिकारियों को मौके पर तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। भीमताल, विकास भवन, भवाली और मस्जिद तिराहे से शटल सेवा भी संचालित की जाएगी।