हरियाणा में किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, आधे दामों में मिलेंगे ये सभी कृषि यंत्र
Udaipur Times, Haryana News, भिवानी : डीसी साहिल गुप्ता ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा द्वारा वर्ष 2026-27 में आरकेवीवाई योजना के क्रॉप रेजिड्यू मैनेजमेंट (सीआरएम) घटक के तहत किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों पर 50 प्रतिशत अनुदान देने की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जा रही है। सब्सिडी सत्यापन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। इस संबंध में कृषि विभाग द्वारा किसानों एवं संबंधित लाभार्थियों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विभागीय निर्देशों के अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों से प्राप्त सभी आवेदन योजना की शर्तों के अनुपालन के अधीन स्वीकार किए जाएंगे। वहीं सामान्य श्रेणी के किसानों से सुपर सीडर और बेलिंग मशीन को छोडक़र अन्य सीआरएम मशीनों के लिए प्राप्त आवेदनों को भी योजना के दिशा-निर्देशों की अनुपालना के अधीन स्वीकार किया गया है। सुपर सीडर एवं बेलिंग मशीनों के लिए जिला स्तर पर निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा सुपर सीडर एवं बेलिंग मशीनों के लिए 21 अगस्त को ड्रा निकाला गया था।
उन्होंने बताया कि मशीनों के एक दिवसीय भौतिक सत्यापन के लिए बेलर, स्ट्रॉ रेक तथा रोटरी स्लेशर/श्रब मास्टर मशीनों का सत्यापन 21 सितंबर, सुपर सीडर का 22 सितंबर तथा अन्य मशीनों का भौतिक सत्यापन 23 सितंबर को किया जाएगा। डीडीए द्वारा जिला स्तरीय समिति के अनुमोदन के बाद विभागीय पोर्टल पर सब्सिडी सत्यापन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि पराली प्रबंधन को बढ़ावा मिले और किसान योजना का लाभ उठा सकें।