Udaipur Times, New Delhi : वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली में आज गुरुवार से बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) वाले वाहनों को पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक नियम लागू होने से एक दिन पहले बुधवार को कनॉट प्लेस, बाबा खड़क सिंह मार्ग, जनपथ, राजेंद्र प्लेस, आरके पुरम और मुनिरका समेत कई पेट्रोल पंपों पर इसका खास असर नजर नहीं आया। PUC केंद्रों पर भी सामान्य दिनों की तरह कम भीड़ रही। कई वाहन चालकों को नए नियम की जानकारी तक नहीं थी।
मिली जानकारी के अनुसार वाहन चालकों ने बताया कि उन्हें PUC जरूरी होने की जानकारी तो है, लेकिन एक अक्तूबर से बिना वैध PUC ईंधन नहीं मिलने की जानकारी नहीं थी। पेट्रोल पंप संचालक ब्रिजेश ने बताया कि बुधवार को करीब 35 लोग PUC बनवाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि PUC बनवाते समय वाहन मालिक के मोबाइल नंबर पर ओटीपी आता है। मोबाइल नंबर बदलने या बंद होने पर वाहन मालिकों को परेशानी हो सकती है।
PUC केंद्रों पर बढ़ सकती है भीड़
बाबा खड़क सिंह मार्ग के पेट्रोल पंप संचालक जयंत के मुताबिक, नियम लागू होने के बाद PUC केंद्रों पर भीड़ बढ़ सकती है। वाहन चालकों को प्रमाणपत्र की वैधता जांचने के साथ समय पर नवीनीकरण भी कराना होगा।
जानकारी के मुताबिक RK पुरम के वाहन चालक रमन ने बताया कि उन्हें नियम की जानकारी पहली बार पेट्रोल पंप पर मिली। वहीं, मनोज ने बताया कि वह नियमित रूप से ईंधन भरवाते हैं, लेकिन उन्हें इस व्यवस्था की जानकारी नहीं थी। पेट्रोल पंपों पर कैमरों से वाहन की नंबर प्लेट पढ़कर PUC की स्थिति जांची जाएगी।