Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा सरकार ने राज्य के 2.60 लाख पेंशनभोगियों व पारिवारिक पेंशनभोगियों को समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 1 से 30 नवंबर 2026 तक 'नेशनल डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डीएलसी) कैंपेन 5.0' की शुरुआत की है।
अभियान का उद्देश्य पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल माध्यमों से 'डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट' जमा करना आसान बनाना है, ताकि पेंशन का भुगतान समय पर और बिना किसी रुकावट के होता रहे। वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल के अनुसार, ई-पेंशन सिस्टम व विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों से पेंशन प्राप्त करने वाले इस अभियान से लाभांवित होंगे।
अभियान के समन्वय के लिए ट्रेजरी व लेखा विभाग के संयुक्त निदेशक राकेश कुमार राठी को राज्य नोडल अधिकारी और जिला ट्रेजरी अधिकारियों को उप-नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
विभाग के महानिदेशक हितेश कुमार मीणा ने बताया कि पेंशनभोगी बायोमेट्रिक, स्मार्टफोन के फेस ऑथेंटिकेशन, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की डोरस्टेप सेवा या ट्रेजरी कार्यालय जाकर डीएलसी जमा करा सकते हैं। बुजुर्ग, बीमार पेंशनभोगी घर या अस्पताल से प्रमाण-पत्र जमा करा सकते हैं।