हरियाणा में संपत्ति मालिकों के लिए बड़ी खबर ! प्रॉपर्टी ID में जल्दी करवाएं ये काम

 | 
हरियाणा में संपत्ति मालिकों के लिए बड़ी खबर ! अपनी प्रॉपर्टी ID में जल्दी करवाएं ये काम 

Udaipur Times, Haryana News, भिवानी : हरियाणा में संपत्ति मालिकों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। जिला नगर आयुक्त हरबीर सिंह ने नगर परिषद भिवानी क्षेत्र के संपत्ति करदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि वे अपनी संपत्ति आईडी में एक सप्ताह के अंदर सही मोबाइल नंबर दर्ज करवाएं। इसके साथ ही संपत्ति कर के ब्याज पर 30 जून तक 100 प्रतिशत छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सही मोबाइल नंबर दर्ज होने और संपत्ति आईडी के सत्यापन से नगर परिषद के रिकॉर्ड अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनेंगे तथा नागरिकों को सेवाओं का लाभ भी सुगमता से मिल सकेगा।

उन्होंने बताया कि एनडीसी पोर्टल के अवलोकन के दौरान पाया गया है कि अनेक संपत्ति आईडी में एक ही मोबाइल नंबर दर्ज है तथा कई संपत्ति मालिकों द्वारा अपनी संपत्ति आईडी का स्वयं सत्यापन भी नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि कई मामलों में संपत्ति आईडी पर दर्ज मोबाइल नंबर किसी अन्य व्यक्ति का पाया गया, जिसके कारण वास्तविक संपत्ति मालिक की पहचान सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। 

इससे संपत्ति कर संबंधी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने में भी कठिनाई आती है। जिला नगर आयुक्त ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे एक सप्ताह के भीतर अपनी संपत्ति आईडी में सही मोबाइल नंबर दर्ज करवाएं। 

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 30 जून 2026 तक संपत्ति कर के ब्याज पर 100 प्रतिशत छूट प्रदान की गई है। ऐसे में नागरिक इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपना बकाया संपत्ति कर जमा करें तथा रिकॉर्ड को भी सही एवं अद्यतन बनवाएं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News