हरियाणा में छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, स्कॉलरशिप का लाभ लेने के लिए जल्दी करें आवेदन
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (एस.ई.डब्ल्यू.ए.) विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पात्र छात्रों से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत ऑनलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए 'पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना' तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओ.बी.सी.), आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (ई.बी.सी.) और विमुक्त जनजाति (डी.एन.टी.) के छात्रों के लिए 'पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना (पीएमए-यशस्वी घटक-II)' के अंतर्गत आवेदन मांगे गए हैं। योग्य एवं पात्र छात्र शैक्षणिक वर्ष 2026-27 हेतु 31 जनवरी, 2027 तक नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एन.एस.पी.) की आधिकारिक वेबसाइट https://scholarships.gov.in पर जाकर फ्रेश (नवीन) अथवा रिन्यूअल (नवीनीकरण) आवेदन कर सकते हैं।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि योजना से संबंधित पात्रता, मापदंड और अन्य सभी विस्तृत विवरण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://sewa.haryana.gov.in तथा भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की वेबसाइट https://socialjustice.gov.in/schemes पर उपलब्ध हैं, जहां से छात्र विस्तृत जानकारी प्राप्त कर समय पर अपना आवेदन सुनिश्चित कर सकते हैं।