हरियाणा में हिसार वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी, यहां होगा नई सड़क का निर्माण
Udaipur Times, Haryana News, हिसार : बरवाला क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने मोती लुहार स्ट्रीट से कॉलेज रोड तथा ओल्ड ग्रेन मार्केट (आईडी-12612) तक सड़क निर्माण के एक हिस्से के कार्य के लिए 77.82 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसका एक हिस्सा नगर परिषद द्वारा बनाया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस सड़क का निर्माण होने से बरवाला नगरवासियों को कॉलेज, तहसील व अन्य संस्थानों में जाने के लिए सीधा मार्ग मिला है। इसके निर्माण से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों तथा क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों को बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और उन्हें लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्य का आवंटन शीघ्र करते हुए समयबद्ध तरीके से सड़क निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
शहीद मदन लाल ढींगड़ा पार्क के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी नगर परिषद को सौंपी
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि शहीद मदन लाल ढींगड़ा पार्क का बेहतर रखरखाव के साथ साथ सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद पार्क के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी नगर परिषद को सौंप दी गई है। इसके तहत पार्क का स्वामित्व मार्केट कमेटी के पास ही रहेगा, जबकि पार्क के रखरखाव, सफाई, हरियाली और सौंदर्यीकरण से संबंधित सभी कार्य नगर परिषद द्वारा किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस निर्णय से पार्क का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित होगा, जिससे नागरिकों को स्वच्छ, आकर्षक और बेहतर सार्वजनिक पार्क की सुविधा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य शहर के सार्वजनिक स्थलों का संरक्षण करते हुए उन्हें अधिक उपयोगी एवं जनहितकारी बनाना है।
