हरियाणा में रिश्वतखोरी का बड़ा खुलासा, ACB ने JE व ठेकेदार को 1.5 लाख रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा

 | 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए यूएचबीवीएन, भटगांव (सोनीपत) से 1.5 लाख रुपए की रिश्वत लेने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल, ठेकेदार (मध्यस्थ) तथा सूरज, जेई, यूएचबीवीएन कार्यालय भटगांव शामिल हैं। ब्यूरो की टीम ने आरोपी राहुल को ₹1,50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि सह आरोपी सूरज जेई को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में अभियोग संख्या 16 दिनांक 25.05.2026 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

मामला इस प्रकार है:

शिकायतकर्ता, जो पेशे से सरकारी अध्यापक हैं, ने ब्यूरो को शिकायत दी कि उन्होंने अपने खेत में पोल्ट्री फार्म स्थापित किया है, जिसके लिए बिजली कनेक्शन हेतु निर्धारित सरकारी शुल्क जमा कराया गया था। इसके बावजूद बिजली मीटर नहीं लगाया जा रहा था। शिकायतकर्ता जब इस संबंध में यूएचबीवीएन कार्यालय भटगांव में तैनात जेई सूरज से मिला, तो उसने उसे राहुल ठेकेदार से संपर्क करने को कहा। शिकायतकर्ता के अनुसार, राहुल ने बिजली कनेक्शन, लोड स्वीकृति, बिजली लाइन तथा नया मीटर लगाने की एवज में ₹2,00,000 रिश्वत की मांग की।

शिकायत की पुष्टि होने पर ब्यूरो द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए रेडिंग टीम गठित की गई। योजना के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल को ₹1,50,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान जेई सूरज की भूमिका सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति

डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध कठोर एवं सख्त नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के उद्देश्य से पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 एवं 1064 पर दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News