Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। जिसके चलते प्रदेश में लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड तोड़ गर्मी रही। मौसम विभाग ने जानकारी दी की जैसलमेर और बाड़मेर में दिन का पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया, जो पिछले 15 साल में सितंबर में सबसे ज्यादा है।
बाड़मेर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.6 और जैसलमेर में 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इसके अलावा जोधपुर में गुरुवार को 10 साल की सर्वाधिक गर्मी रही। यहां तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे पहले साल 2016 में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बाड़मेर में पिछले 11 साल में कभी सितंबर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस नहीं पहुंचा। गर्मी के साथ राजस्थान के पश्चिमी जिलों में दिन में गर्म हवा चली।
मौसम विभाग ने बताया की प्रदेश में अगले दो-तीन दिन इसी तरह की गर्मी रहने का अनुमान है। अगले सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वी राजस्थान के हिस्सों में कहीं-कहीं आंधी-बारिश की संभावना जताई है।
इसके अलावा विभाग ने जानकारी दी है की मानसून जाने के बाद वातावरण में हवा की दिशाएं बदलती है और एंटी साइक्लोन बनता है। एंटी साइक्लोन सिस्टम बनने से पश्चिमी दिशा से आ रही गर्म हवा राजस्थान और उसके आसपास के एरिया में ही घड़ी की दिशा में घूमती है।