Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश के आसार है। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया की आज मानसून का ब्रेक खत्म हो सकता है। इसके साथ ही बुधवार और गुरुवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
विभाग ने 4 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। बीते 4 दिन से प्रदेश के किसी जिले में बरसात नहीं हुई है।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 39.4 डिग्री दर्ज हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- पूर्वी भारत के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर एरिया (WML) उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के लगे पश्चिम बंगाल, ओडिशा तट पर है। अगले 24 घंटों में धीरे-धीरे उत्तरी ओडिशा, झारखंड की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। मानसून ट्रफ अभी जम्मू, चंडीगढ़, शाहजहांपुर, वाराणासी होकर लो-प्रेशर सिस्टम से गुजरते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इस सिस्टम के कारण असर से राजस्थान में बारिश का दौर शुरू होगा।
मौसम विभाग ने प्रदेश में 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग में मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने तथा कहीं-कहीं हल्की, मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान कोटा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश भी हो सकती है।