हरियाणा में ऑनलाइन तबादलों को लेकर बड़ी अपडेट ! अब तीन दिन के अंदर मिलेगी कर्मचारियों को ये सुविधा
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा में विभिन्न सरकारी विभागों में कर्मचारियों के ऑनलाइन स्थानांतरण की तैयारियों के बीच प्रदेश सरकार ने सभी मेडिकल बोर्ड की जवाबदेही तय कर दी है। स्थानांतरण में गंभीर बीमारियों से ग्रस्त कर्मचारियों को अतिरिक्त अंक मिलने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए आवेदन के तीन दिन के अंदर उनके चिकित्सा प्रमाणपत्र बनाने का निर्देश दिया गया है।
चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) चंडीगढ़, पंडित भगवत दयाल शर्मा स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान संस्थान (पीजीआईएमएस) रोहतक तथा हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ के सभी सरकारी मेडिकल कालेजों को निर्देश जारी कर दिया है।
आदेशों में कहा गया है कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर अधिकतम तीन दिनों के भीतर मेडिकल प्रमाणपत्र जारी किया जाए। इससे ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया समय पर पूरी होगी और कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
