Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर से करवट ले ली है। जिसके चलते प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। बीते कल बुधवार को रेवाड़ी और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार आज प्रदेश के केवल 3 उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
विभाग ने जानकारी दी है की रोहतक, हिसार, जींद, सिरसा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और महेंद्रगढ़ समेत बाकी सभी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त महीने में अब तक 109.9 मिमी बारिश हुई है। इस महीने में सामान्य औसत बारिश 96.1 मिमी होती है। अगस्त में 14% ज्यादा बारिश हुई है।
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मानसूनी गतिविधियां धीमी रहेंगी।
मौसम ने बताया की मानसून टर्फ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा इस समय जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर, वाराणसी, दीघा से होती हुई उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली है। हालांकि, उत्तरी हरियाणा पर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बना हुआ है, लेकिन अब मानसून ट्रफ के हिमालय की तलहटियों की तरफ खिसकने की संभावना बन रही है। इसके चलते राज्य में मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ेंगी और बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी।