हरियाणा में बारिश को लेकर आया बड़ा अपडेट, जाने विभाग की ताजा जानकारी
Udiapur Times, Haryana Weather : हरियाणा में इन दिनों मौसम ने करवट ले रखी है। जिस कारण प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की मानसून की सक्रियता अब कम होने लगी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा 19 सितंबर को राजस्थान के रामगढ़, मोहनगढ़, फलौदी और खाजूवाला तक पहुंच गई है। इसके अलावा राजस्थान के ऊपर एंटीसाइक्लोन बनने से हरियाणा में हवाओं के रुख में बदलाव की संभावना है।
विभाग के अनुसार, अब पूर्वी की जगह पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं। इससे मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा दक्षिण की ओर मध्य भारत की तरफ खिसकने की संभावना है।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, प्रदेश में मानसून की सक्रियता में कमी आने के साथ इसकी वापसी की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की संभावना है। बताया की अगले पांच दिनों यानी 25 सितंबर तक हरियाणा में मौसम सामान्य तौर पर परिवर्तनशील, लेकिन मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है। 20 सितंबर को हरियाणा के लिए किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है और मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। आगामी दिनों में भी मानसून की गतिविधि कमजोर रहने से बारिश के आसार कम रहेंगे।