हरियाणा में Family id को लेकर बड़ी अपडेट, अब लोगों को मिलेगी ये नई सुविधा

 | 
हरियाणा में Family id को लेकर बड़ी अपडेट, अब लोगों को मिलेगी ये नई सुविधा

Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा सरकार ने Family id से जुड़ी समस्याओं को आसान बनाने के लिए नई सुविधा शुरू की है. अब आय संबंधी त्रुटियों या अन्य सुधारों के लिए लोगों को ADC कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. सरकार ने PPP पोर्टल पर ‘ADC – to- Citizen Meeting Scheduling’ के तहत डायरेक्ट SMS सेवा लागू कर दी है.

इस नई व्यवस्था के अनुसार अतिरिक्त उपायुक्त अब शिकायतों और अपीलों की समीक्षा के बाद संबंधित नागरिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सीधे SMS भेजेंगे. इस संदेश में बैठक की तिथि, समय और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध होगी, जिससे लोगों को पहले से तैयारी करने में आसानी होगी.

PPP स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि पहले नागरिकों को सूचना समय पर नहीं मिल पाने के कारण काफी परेशानी होती थी. कई मामलों में बैठक निर्धारित होने के बावजूद लोगों तक जानकारी नहीं पहुंचती थी, जिससे उनके मामलों का समाधान लंबा खिंच जाता था.

अब नई सुविधा लागू होने के बाद जैसे ही किसी मामले में मीटिंग तय होगी, तुरंत मोबाइल नंबर पर संदेश भेज दिया जाएगा. इससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी.

डॉ. खोला ने कहा कि यह पहल प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करेगी. डिजिटल रिकॉर्ड के माध्यम से अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी और कामकाज में तेजी आएगी.

इसके साथ ही सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी Family id में दर्ज मोबाइल नंबर को जांच लें. अगर मोबाइल नंबर गलत या बंद है, तो SMS प्राप्त नहीं हो सकेगा और प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. इसलिए जल्द से जल्द सही मोबाइल नंबर अपडेट करने की सलाह दी गई है।
 

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News