हरियाणा में फैमिली ID को लेकर बड़ी अपडेट, अब ये गलतियां करवा सकेंगे ठीक

 | 
हरियाणा में फैमिली ID को लेकर बड़ी अपडेट, अब ये गलतियां करवा सकेंगे ठीक

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा वासियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा में फ़ैमली आईडी को लेकर नई अपडेट आई है, जिसके तहत अब आप कई तरह की गलतियाँ ठीक करवा सकेंगे। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) को लेकर आ रही समस्याओं पर अब फोकस किया गया है। अक्सर एक बार गलती होने पर उसे सुधार करने में लोगों को ज्यादा परेशानी आती है। इसके लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर काटने पर भी लोगों को राहत नहीं मिल रही थी। लेकिन, अब लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर तत्काल तीन सेवाओं को दुरुस्त किया गया है।

इसमें बिजली कनेक्शन रिकॉर्ड, मृत व्यक्ति के रिकॉर्ड में सुधार के साथ एसएमएस सेवा शुरू कर दी गई है। जल्द ही ऐसी और त्रुटियां दूर करने के लिए हरियाणा परिवार पहचान पत्र अथॉरिटी काम कर रही है। इसका कहना है कि अभी आय के स्लैब को भी बदला जाएगा। इससे खासकर स्कॉलरशिप लेने वाले विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।

हरियाणा परिवार पहचान पत्र कॉर्डिनेटर सतीश खोला का कहना है कि लोगों को अधिक से अधिक सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। अभी और सुधार किए जाएंगे। जिससे लोगों को और राहत मिलेगी। बता दें कि राज्य में 77.41 लाख परिवार पहचान पत्र बने हुए हैं। इससे 2.98 करोड़ सदस्य जुड़े हुए हैं। राज्य के 53 विभागों की 425 योजनाएं परिवार पहचान पत्र से जुड़ी हैं।

 जानिए... अभी क्या किया गया सुधार...

 1. पीपीपी पर आवेदन करते ही बिजली कनेक्शन रिकॉर्ड में सुधार

बिजली कनेक्शन संबंधी गलतियों को अब ऑनलाइन सुधारा जा सकेगा। नागरिक पोर्टल पर बिजली कनेक्शन नंबर और दस्तावेज अपलोड कर शिकायत दर्ज कर सकेंगे। सिस्टम पीपीपी और बिजली निगम के रिकॉर्ड का मिलान करेगा। अंतर मिलने पर मामला एडीसी के पास जाएगा। सत्यापन के बाद सही जानकारी अपडेट होगी, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

 2. एडीसी ऑफिस से आवेदन की कमी का जाएगा एसएमएस

पीपीपी पोर्टल पर एडीसी-टू-सिटीजन मैसेजिंग लिंक के जरिए एसएमएस सुविधा शुरू की गई है। अब एडीसी सीधे नागरिकों को बैठक की तिथि, समय और जरूरी जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेज सकेंगे। इससे बैठक संबंधी सूचना प्राप्त करने में होने वाली देरी कम होगी। नागरिकों को अपने मोबाइल और पीपीपी पोर्टल पर अपडेट रखना होगा।

 3. मृत व्यक्ति के रिकॉर्ड में नाम, माता-पिता एवं जीवनसाथी के नाम और जन्म तिथि में सुधार हो सकेगा

अक्सर किसी की मौत होने के बाद उसका रिकॉर्ड ठीक नहीं होता था। अब मृत सदस्य के नाम, माता-पिता एवं जीवनसाथी के नाम और जन्म तिथि में सुधार की सुविधा पोर्टल पर शुरू की गई है। अब मृत व्यक्ति के विवरण में गलती सुधार की सुविधा अंत्योदय आत्मनिर्भर पोर्टल पर शुरू कर दी गई है। यह सुविधा उन मामलों के लिए उपलब्ध होगी जिनमें सदस्य की मृत्यु की तिथि से छह माह के भीतर आवेदन किया जाएगा।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News