हरियाणा में फैमिली ID को लेकर बड़ी अपडेट, अब नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर, ऐसे मिलेगा समाधान
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने फैमिली आईडी (परिवार पहचान पत्र) में जन्म तिथि सत्यापन की प्रक्रिया सरल कर दी है। 15 सितंबर से जन्म तिथि सत्यापन ब्लॉक स्तर से शुरू होकर उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) स्तर पर ही पूरा किया जाएगा। इससे नागरिकों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और मामलों का तेजी से निपटारा होगा। यह जानकारी पीपीपी कोऑर्डिनेटर डॉ। सतीश खोला ने जन समस्याएं सुनते हुए दी।
उन्होंने बताया कि पहले ऐसे मामलों का निपटारा मुख्य रूप से जिला स्तर पर होता था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर प्रक्रिया का विकेंद्रीकरण किया गया है। यदि एसडीएम स्तर पर सत्यापन में अनावश्यक देरी होती है या सत्यापन नहीं हो पाता, तो अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) को विशेष अधिकार दिए गए हैं। डॉ। खोला ने कहा कि जन्म तिथि की सही जानकारी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण है। नई व्यवस्था से पेंशन, छात्रवृत्ति सहित अन्य योजनाओं से जुड़े मामलों का समाधान अधिक पारदर्शी और समयबद्ध हो सकेगा।