बिहार की बेटी आंचल ने रचा इतिहास, दूसरे प्रयास में क्रैक किया NEET UG 2026
Udaipur Times, Neet Ug Result Begusarai: जो लोग मेहनत करते हैं वो एक दिन सफलता जरुर पाते हैं इस कहावत को सच कर दिखाया है बेगूसराय की बेटी आंचल अनुराग ने। जानकारी के लिए आपकों बता दें की आंचल ने अपने दूसरे प्रयास में देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा 'नीट यूजी' (NEET UG) में शानदार सफलता हासिल की है। इस सफलता से न केवल उनके परिवार का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है, बल्कि पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, राज्य कोटे (State Quota) के तहत आंचल का नामांकन मुजफ्फरपुर के प्रतिष्ठित श्री कृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (SKMCH) में हो गया है।
इसके साथ ही अब उनके चिकित्सक बनकर समाज सेवा करने का सपना धरातल पर उतरने लगा है। आंचल के पिता संजय कुमार पेशे से एक शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता एक कुशल गृहणी हैं।
जानकारी के अनुसार, चार भाई-बहनों (दो भाई और दो बहन) में आंचल सबसे बड़ी हैं। बड़ी बहन होने के नाते उन पर न केवल अपनी पढ़ाई का दबाव था, बल्कि छोटे भाई-बहनों के लिए एक मिसाल बनने और पारिवारिक उम्मीदों को पूरा करने का बड़ा दायित्व भी था, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया।
आंचल अनुराग शुरुआत से ही पढ़ाई-लिखाई में काफी होनहार रही हैं। उन्होंने मैट्रिक परीक्षा में 79 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा की पहली धमक दिखाई थी। इसके बाद इंटरमीडिएट की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 86 प्रतिशत अंक हासिल किए।
इंटर की पढ़ाई पूरी करने के बाद से ही आंचल की आंखों में सफेद कोट पहनकर डॉक्टर बनने का सपना तैरने लगा था। इस सपने को हकीकत में बदलने के लिए उन्होंने दिन-रात एक कर दिया और पूरी निष्ठा के साथ तैयारी में जुट गईं।
आंचल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और माता-पिता को देते हुए बताती हैं कि उन्हें मेडिकल क्षेत्र में जाने की प्रेरणा दूसरों के सेवा भाव और मरीजों के प्रति डॉक्टरों के समर्पण को देखकर मिली।
जानकारी के अनुसार, पहले प्रयास की विफलता से निराश होने के बजाय आंचल ने दोगुनी ताकत से तैयारी करने का फैसला किया। इसके बाद वे बिहार की राजधानी पटना चली गईं और वहां रहकर एक निजी कोचिंग संस्थान से व्यवस्थित और अनुशासित तरीके से नीट की तैयारी शुरू की।
पटना में रहकर आंचल ने दिन-रात एक कर दिया। शिक्षकों के सही मार्गदर्शन, सटीक रणनीति और अपनी अनवरत कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में नीट यूजी की कठिन बाधा को पार कर लिया।
आंचल की इस बड़ी उपलब्धि से उनके पूरे परिवार और बेगूसराय के गाछी टोला इलाके में जश्न का माहौल है।