जिले भर में विविध आयोजनों के साथ मनाया चाचा नेहरू का जन्मदिवस

जिले भर में विविध आयोजनों के साथ मनाया चाचा नेहरू का जन्मदिवस
 

राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय से नगर निगम तक रैली का आयोजन हुआ। आयड़ में हुआ बाल मेला,  फिल्म प्रदर्शन व पौधरोपण हुआ, बड़गाव में हुई बालसभा, पं.नेहरू की उदयपुर यात्रा के चित्रों का सम्मोहन, नेहरूजी विषयक जिला स्तरीय प्रदर्शनी शुरू
 
जिले भर में विविध आयोजनों के साथ मनाया चाचा नेहरू का जन्मदिवस
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के उपलक्ष में गुरुवार को जिले भर में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए।

उदयपुर, 14 नवंबर 2019। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के उपलक्ष में गुरुवार को जिले भर में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। 

जिला प्रशासन की ओर से राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय से नगर निगम तक रैली का आयोजन हुआ। रैली को अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) संजय कुमार ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर नेहरू युवा केन्द्र के उपनिदेशक श्याम सिंह राजपुरोहित, संयुक्त निदेशक शिवजी गौड़, जिला शिक्षा अधिकारी भरत जोशी, जिला परिवहन अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा, फतह स्कूल प्रधानाचार्य चेतन पानेरी, राव गोपाल सिंह आसोलिया, विजय सारस्वत, रेसला के मनीष सोनी सहित बड़ी संख्या में शिक्षाधिकारी मौजूद थेे। 

एडीएम संजय कुमार ने पंडित नेहरू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उनकी शिक्षाओं का वाचन किया। इस समारोह में स्काउट, एनसीसी, नेहरू युवा केन्द्र एवं बड़ी संख्या में जिले के विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। रैली फतह स्कूल से आरम्भ होकर सूरजपोल होते हुए टाउन हॉल आकर सम्पन्न हुई।  

आयड़ में हुआ बाल मेला:  

बाल दिवस के अवसर पर राजकीय बालिका उमावि में जिला स्तरीय बाल मेले तथा सहशैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दशरथ सिंह ने बच्चों को पुलिस विभाग उदयपुर रेंज उदयपुर द्वारा संचालित कम्युनिटी पुलिसिंग टू बिल्ड अवेयरनेस एण्ड ट्रस्ट (कोम्बेट) कार्यक्रम की जानकारी दी और बाल्यकाल से ही अनुशासन में रहकर नियमित अध्ययन की बात कही। 

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक शिवजी गौड व जिला शिक्षा अधिकारी भरत जोशी ने ने बच्चों को नेहरू जी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए अपने जीवन को सफल बनाने की बात कही।

फिल्म प्रदर्शन व पौधरोपण हुआ:

कार्यक्रम में बच्चों को चाचा नेहरू के जीवन पर बनी लघु फिल्म दिखाई गई। मेले में चित्रकला व मॉडल प्रदर्शनी के साथ विभिन्न स्टॉल्स लगाई गई वहीं चित्रकला, भाषण व विचित्र वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में यूनिसेफ की बाल संरक्षण सलाहकार सिन्धु बिनुजीत तथा अंकित जोशी आदि उपस्थित थे। प्रधानाचार्य रूचिका माहेश्वरी ने आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर में कल्पवृक्ष का पौधा लगाया गया तथा विद्यार्थियों को इसके उचित रखरखाव व संरक्षण का दायित्व सौंपा। इस मौके पर विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने शांति का संदेश देते गुब्बारे छोड़े।  

बड़गाव में हुई बालसभा

राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की 130वीं जयन्ती को ‘मेरा गाँव-मेरा गौरव‘ के रूप में मनाने के निर्णय पर राउमावि बड़गांव में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रातः बड़गांव के विकास अधिकारी केदार वैष्णव, कैलाश शर्मा, बड़गांव सरपंच, तथा प्रधानाचार्य डॉ सीमा आमेटा एवं स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों ने विद्यालय प्रांगण एवं खेलकूद मैेदान में श्रमदान किया।

तत्पश्चात् ‘मेरा गाँव मेरा गौरव‘ विषय पर चित्रकला/रंगोली, आशुभाषण ,निबंध एवं कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें चित्रकला/रंगोली में सुश्री शशि बघेल, आशुभाषण में सुदिपा माना, निबंध प्रतियोगिता में शैलेष गरासिया तथा कविता में आंचल तिवारी एवं विक्रम सिंह राठौड़ प्रथम रहे।  

खेलकूद प्रतियोगिता कार्यक्रम के अन्तर्गत कब्बड़ी, वॉलीबॉल, खो-खो, दौड़ आदि खेलों का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरूस्कृत किया गया।

अपरान्ह में विशेष बाल-सभा का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता डॉ. सीमा आमेटा ने की तथा संचालन श्री तुलसीराम दवे ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन रात्रि मे गाँव की चौपाल में किया गया।

नेहरूजी विषयक जिला स्तरीय प्रदर्शनी शुरू

भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी व पर्यावरणविद् मुनीश गोयल ने कहा है बच्चों के पसंदीदा पूर्व प्रधानमंत्री पण्डित जवाहरलाल नेहरू की जीवनगाथा विषयक प्रदर्शनी में बच्चों के लिए दुर्लभ और ज्ञानवर्धक फोटो का संग्रह है।

गोयल शुक्रवार को यहां सूचना केन्द्र की कलादीर्घा में बाल दिवस के उपलक्ष में आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी के शुभारंभ उपरांत संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने नेहरू के जीवन से जुड़ी यादों को चित्रों में समेटने के प्रयास के लिए उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के फोटो आर्काइव की भी सराहना की और कहा कि प्रदर्शनी में सहेजी दुर्लभ व प्राचीन विषयवस्तु को देखना हर व्यक्ति के लिए न केवल रूचिकर होगा अपितु ऐतिहासिक तथ्यों से साक्षात होकर ज्ञानकोष में अभिवृद्धि करने वाला है।

उद्घाटन अवसर पर माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक शिवजी गौड़, मोहनलाल सुखाडि़या विश्वविद्यालय में पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष डॉ. कुंजन आचार्य, जिला शिक्षा अधिकारी भरत जोशी और सहायक लेखाधिकारी दिनकर खमेसरा सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रबुद्धजनों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। 

जनसंपर्क उपनिदेशक कमलेश शर्मा ने अतिथियों को प्रदर्शनी का अवलोकन कराते हुए इसमे प्रदर्शित विषयवस्तु की जानकारी दी और बताया कि प्रदर्शनी 18 नवंबर तक सुबह 11 से सायं 5 बजे तक अवलोकन के लिए खुली रहेगी।

पं.नेहरू की उदयपुर यात्रा के चित्रों का सम्मोहन:

प्रदर्शनी में प्रदर्शित सर्वाधिक संख्या में पं. नेहरू की उदयपुर यात्रा के चित्रों का सम्मोहन दिखाई दिया। अवलोकनकर्त्ताओं ने पं. नेहरू के तत्कालीन महाराणाओं के साथ मुलाकात और गुलाबबाग में आयोजित सभा के साथ सिटी पैलेस और सहेलियों की बाड़ी के अवलोकन के श्वेतश्याम फोटोग्राफ्स को देखकर  प्रसन्नता जताई।
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal