बाउंसर प्रेमी के प्यार में अंधी पत्नी ने चाकू से काटा पति का गला, पुलिस ने इस तरह सुलझाई मर्डर की गुत्थी

 | 
बाउंसर प्रेमी के प्यार में अंधी पत्नी ने चाकू से काटा पति का गला, पुलिस ने इस तरह सुलझाई मर्डर की गुत्थी 

Udaipur Times, Haryana Crime news : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद की श्याम कालोनी में 37 वर्षीय गोपाल (मूल निवासी UP) की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गोपाल की हत्या को उसकी 36 वर्षीय पत्नी काजल ने अकेले ही अंजाम दिया। गोपाल पर सोते समय चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए जिसके बाद उसने दम तोड दिया। 

प्यार में अंधी पत्नी ने किया पति का मर्डर 

फरीदाबाद पुलिस ने बताया था कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि काजल का प्रेमी 37 वर्षीय योगेन्द्र इस साज़िश का मुख्य सूत्रधार था। हालांकि, घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं था। अपराध शाखा डीएलएफ और पल्ला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी और उसके साजिशकर्ता प्रेमी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, UP के हाथरस जिले के गांव कुंवरपुर का रहने वाला मृतक गोपाल फरीदाबाद के DLF औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर के रूप में नौकरी करता था जबकि उसकी पत्नी काजल अपने बच्चों के साथ गांव कुंवरपुर में ही रहती थी। 

बाउंसर प्रेमी के प्यार में अंधी पत्नी ने चाकू से काटा पति का गला

मृतक गोपाल के भाई भूरा ने बताया कि काजल के गांव के ही रहने वाले योगेंद्र (पेशेवर बाउंसर) के साथ प्रेम संबंध थे। इसके चलते गोपाल और काजल के बीच अक्सर लड़ाई-झगड़ा रहता था। इसी रंजिश में काजल ने अपने प्रेमी योगेन्द्र के साथ मिलकर गोपाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। घटना से कुछ दिन पहले काजल अपने बच्चों को लेकर फरीदाबाद चली गई थी और वहां श्याम कालोनी में अपने रिश्तेदार के घर रह रही थी।

गोपाल भी रिश्तेदारी के चलते वहां आवाजाही करने लगा था। घटना वाली रात गोपाल शराब पीकर काजल के पास गया हुआ था। रात के समय जब गोपाल सो रहा था तब काजल ने सो रहे गोपाल की गर्दन पर चाकू से कई वार किए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरूआत में काजल ने इसे घर में लूटपाट से जोड़ते हुए मर्डर होने की झूठी कहानी बताया लेकिन पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाकर पत्नी काजल को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली। 

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पल्ला थाना ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर हत्या की साजिश में शामिल उसके प्रेमी योगेंद्र  को पकड़ने में सफलता हासिल कर मृतक के भाई की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News