भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय में महाकवि कालिदास जयंती व वन्देमातरम् सार्धशती समारोह आयोजित
देश के विभिन्न राज्यों के शैक्षिक संस्थानों में एक साथ वन्देमातरम् राष्ट्र गीत सार्धशती के उपलक्ष्य में वन्देमातरम् व राष्ट्रगान का गायन एवं नाटक का मंचन किया गया
उदयपुर, 15 जुलाई, 2026। भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय के कुंभा सभागार में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की इकाई संगीत नाटक अकादेमी, सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण संस्थान, नई दिल्ली और भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में वन्देमातरम् राष्ट्रगीत सार्धशती के उपलक्ष्य में एवं महाकवि कालिदास जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के अवसर पर द परफाॅर्मर्स कल्चरल सासोयटी के कलाकारों ने नाटक ‘आजादी’ का मंचन कर आजादी के प्रसंग को मंच पर जीवंत कर दिया। डाॅ. लईक हुसैन द्वारा लिखित इस नाट्य का निर्देशन प्रबुद्ध पाण्डे द्वारा किया गया था।
इससे पूर्व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलामर्मज्ञ और संस्कृतिकर्मी प्रो. श्रीनिवासन अय्यर एवं विद्या प्रचारिणी सभा के मंत्री डाॅ. महेन्द्र सिंह राठौड़, सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी संकाय की अधिष्ठाता प्रो. माधवी राठौड़, सह अधिष्ठाता डाॅ. हेमेन्द्र सिंह शक्तावत, विज्ञान संकाय धिष्ठाता प्रो. रितु तोमर द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीपप्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। स्वागत उद्बोधन सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी संकाय की अधिष्ठाता प्रो. माधवी राठौड़ द्वारा किया गया। कार्यक्रम प्रांरभ की उद्घोषणा नाट्य निर्देशक प्रबुद्ध पाण्डे द्वारा की गई।
भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय के चैयरपर्सन मानद कर्नल प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत, भूपाल नोबल्स संस्थान के प्रबंध निदेशक मोहब्बत सिंह राठौड़, भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट प्रो. चेतन सिंह चैहान, कुलसचिव डाॅ. निरंजन नारायण सिंह राठौड़ ने इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सायं 6 बजे संपूर्ण भारत में देश के विभिन्न राज्यों के शैक्षिक संस्थानों में एक साथ वन्देमातरम् राष्ट्र गीत सार्धशती के उपलक्ष्य में वन्देमातरम् का गायन किया गया व तत्पश्चात् राष्ट्रगान गाया गया। इस अवसर पर संगीत नाटक अकादेमी की अध्यक्ष संध्या पुरैचा का
आॅडियो संदेश का प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा नाट्य कलाकारों का अंगवस्त्रम् प्रदान कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का समापन भी वन्देमातरम् राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। उक्त जानकारी कार्यक्रम संयोजक डाॅ. हुसैनी बोहरा ने दी । कार्यक्रम का संचालन डाॅ मनीषा शेखावत द्वारा किया गया।
नाट्य अभिनय गीतिशा पाण्डे, हुसैन आरसी, दिव्यांशु नागदा, दिव्यांश पालीवाल, विक्रम सिंह राठौड़, पीयूष जैन, महिमा शर्मा, सबा परवेज द्वारा किया गया। ध्वनि संयोजन क्षिप्रा चटर्जी व वेशभूषा संयोजन डाॅ अनुकम्पा लईक द्वारा किया गया। दर्शकों द्वारा करतल ध्वनि की साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया गया।
