सामूहिक विवाह में अब सर्व समाज के जोडों को किया जाएगा शामिल

समग्र समाजों के प्रतिनिधियों की बैठक

 | 
mass wedding

उदयपुर। यहां आहड़ स्थित गंगू कुंड आश्रम पर समस्त ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों की बैठक ओमप्रकाश नंदवाना की अध्यक्षता में रखी गई जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब सामूहिक विवाह में सनातन धर्म के सभी समाजों के जोडों को शामिल किया जाएगा। इससे सामूहिक विवाह को बढावा मिलेगा और दूसरे समाजों के निर्धन जोडे भी लाभान्वित हो सकेंगे।

संत श्री एचआर पालीवाल ने बताया कि अब तक समिति सिर्फ ब्राहृमण समाज के जोडों का ही सामूहिक विवाह करवाती है, लेकिन अब इसको वृहद रुप देने के लिए सभी समाजों को सामूहिक विवाह में शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही समय समय पर सामूहिक विवाह परिचय सम्मेलन एवं सांस्कृतिक व धार्मिक आयोजन संपादित करवाने के लिए हिंदू समाज के प्रतिनिधियों की एक समिति भी बनाई गई है। 

बैठक में वार्ड पार्षद मनोहर चौधरी, गंगू कुंड विकास समिति के कोषाध्यक्ष शिव शंकर नागदा, हनुमान मंदिर बेकनी पुलिया के महंत नाथू नाथ महाराज, गंगू कुंड विकास समिति के रमेश कुमार, खेम सिंह ठाकुर, देवराज वर्मा व जगदीश जाटोलिया ने अपने अपने विचार रखे और बताया कि संगठन एकता को मजबूत करते हुए सभी समाजों के प्रतिनिधियों को शामिल कर सामूहिक विवाह प्रतिवर्ष हर बसंत पंचमी के दिन कराया जाना चाहिए। 

संत श्री पालीवाल ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से सनातन धर्म एवं कल्याण सामूहिक विवाह समिति उदयपुर संभाग के नाम से नई समिति का गठन किया गया। बैठक के गठन में पांच सदस्यों ने हाथों-हाथ सदस्यता ली। वार्ड पार्षद मनोहर चौधरी व ओमप्रकाश नंदवाना के प्रस्ताव पर समिति के प्रवक्ता मीडिया प्रभारी पद पर वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश शर्मा को सर्व समिति से नियुक्त किया गया। 

विवाह उद्देश्यों एवं सांस्कृतिक धार्मिक आयोजनों को मूर्त रूप देने के लिए अगली बैठक महिलाओं की होगी जो 20 फरवरी को गंगू कुंड आश्रम पर संत श्री पालीवाल के सानिध्य में रखी गई है। साधारण सदस्य की एवं कार्यकारिणी सदस्यों की सदस्यता अभियान एक माह तक चलाया जाएगा। 

बैठक में ईश्वर लाल गहलोत, तुलसीराम मालवीय, रमेश पालीवाल, राजकुमार शर्मा, नाथू लाल शर्मा, शांतिलाल पालीवाल, दिलीप शर्मा पंडित महेश चंद्र नागदा और ओमप्रकाश, जगदीश चंद्र, तुलसी राम पालीवाल, बालकृष्ण भट्ट आदि काफी समाज बंधुओं ने भाग लिया। 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News