हरियाणा में CSC केंद्रों पर ब्रांडिंग व रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य, उल्लंघन पर ID होगी बंद

 | 
हरियाणा में CSC केंद्रों पर ब्रांडिंग व रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य, उल्लंघन पर ID होगी बंद

Udaipur Times, Haryana News, झज्जर : डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला में चल रहे कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जिला भर में 750 से ज्यादा सीएससी सेंटर हैं,सभी सीएससी संचालकों को अपने-अपने केंद्रों पर सीएससी का ब्रांडिंग बोर्ड तथा उपलब्ध सेवाओं की निर्धारित रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य है। यदि किसी केंद्र पर यह व्यवस्था नहीं पाई गई तो संबंधित संचालक की आईडी तत्काल प्रभाव से बंद कर दी जाएगी,साथ ही नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

सीएससी सेंटरों पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी

डीसी ने कहा कि सीएससी  सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इन केंद्रों पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संचालक अपने केंद्रों पर स्पष्ट रूप से ब्रांडिंग बोर्ड एवं रेट लिस्ट प्रदर्शित करें, ताकि नागरिकों को सेवाओं की जानकारी आसानी से मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी सरकारी सेवा के लिए केवल अधिकृत सीएससी केंद्रों पर ही कार्य करवाएं।  नागरिक  अपने नजदीकी अधिकृत केंद्र का चयन करें, जिससे धोखाधड़ी या अनियमितता से बचा जा सके।

निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने पर होगी सख्त कार्रवाई

डीसी वर्षा खांगवाल ने केंद्र संचालकों को आगाह किया  कि निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी केंद्र द्वारा अधिक शुल्क वसूला जाता है या नियमों का उल्लंघन किया जाता है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने सभी सीएससी संचालकों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आमजन को पारदर्शी, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News