NEET परीक्षा में सगे भाई-बहन ने गाड़े झंडे, गांव का नाम किया रोशन
Udaipur Times, NEET UG : वो कहते हैं ना मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती। इस कहावत को सच करते हुए मिर्जापुर के जमालपुर क्षेत्र की मठना ग्राम पंचायत स्थित सरैया गांव के सगे भाई-बहन ने नीट यूजी-2026 में एक साथ सफलता हासिल की है। इसके साथ ही परिवार और क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है। श्रेया सिंह और उनके भाई दिव्यांश सिंह दोनों की इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है। सभी परिजनों और शुभचिंतकों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
जानकारी के लिए आपको बता दें की श्रेया सिंह ने अपने पहले ही प्रयास में 605 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 8581 हासिल की है। उन्होंने वर्ष 2024 में केंद्रीय विद्यालय, बीएचयू से हाईस्कूल और वर्ष 2026 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। वहीं उनके भाई दिव्यांश सिंह ने 510 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 77692 प्राप्त की। दिव्यांश ने वर्ष 2023 में केंद्रीय विद्यालय, बीएचयू से हाईस्कूल और वर्ष 2025 में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी।
श्रेया ने बताया कि उन्होंने नियमित रूप से प्रतिदिन छह से सात घंटे पढ़ाई की और कोचिंग के माध्यम से विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी लिया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। उनका कहना है कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में तैयारी से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उनकी माता सुनीता सिंह काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ट्रॉमा सेंटर में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत हैं, जबकि पिता रमेश चंद्र सिंह ट्रॉमा सेंटर परिसर स्थित एक दवा की दुकान पर कार्य करते हैं।
सगे भाई-बहन की एक साथ मिली इस सफलता से गांव में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों ने कठिन परिश्रम और लगन से यह मुकाम हासिल कर अन्य विद्यार्थियों के सामने एक बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है।
