ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए BSNL का बड़ा तोहफा, लॉन्च किया 'रूरल एंट्री प्लान-259'

 | 
ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए BSNL का बड़ा तोहफा, लॉन्च किया 'रूरल एंट्री प्लान-259'

Udaipur Times, Haryana News, झज्जर, 25 जून : भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने ग्रामीण क्षेत्रों के भारतनेट उपभोक्ताओं के लिए नया एफटीटीएच ब्रॉडबैंड प्रमोशनल 'रूरल एंट्री प्लान-259' लॉन्च किया है। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण उपभोक्ताओं को किफायती दरों पर बेहतर इंटरनेट और दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराना है।

बीएसएनएल के उपमंडल अभियंता मनजीत सिंह ने बताया कि यह प्लान मात्र 259 रुपये प्रतिमाह की दर से उपलब्ध रहेगा। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए इसे छमाही (1449 रुपये) तथा वार्षिक (2848 रुपये) विकल्पों में भी उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत उपभोक्ताओं को वेव्स ओटीटी सुविधा, 700 जीबी तक 25 एमबीपीएस स्पीड वाला इंटरनेट तथा पूरे देश में अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

एसडीओ ने बताया कि यह विशेष प्रमोशनल ऑफर लॉन्च होने की तिथि से अगले 90 दिनों तक प्रभावी रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक लोगों को इंटरनेट सेवाओं से जोडऩे की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

एसडीओ मनजीत सिंह ने भारतनेट उद्यमी (बीएनयू) योजना की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं और उद्यमियों को बीएसएनएल के साथ जुडक़र ब्रॉडबैंड कनेक्शन उपलब्ध कराने का अवसर दिया जाता है। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक कनेक्शन से प्राप्त आय का 50 प्रतिशत हिस्सा संबंधित स्थानीय उद्यमी को दिया जाता है, जिससे युवाओं के लिए स्वरोजगार और आय के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीण युवाओं से इस योजना का लाभ उठाने और भारतनेट उद्यमी के रूप में जुडक़र अपने क्षेत्र में डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने का आह्वान किया। योजना से जुडऩे के इच्छुक व्यक्ति अपने नजदीकी बीएसएनएल कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News