हरियाणा में बिल्डिंग इंस्पेक्टर गिरफ्तार, 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में बिल्डिंग इंस्पेक्टर गिरफ्तार, 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा 

Udaipur Times, Haryana News, पलवल : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर परिषद, पलवल में तैनात बिल्डिंग इंस्पेक्टर चिम्मन लाल तेवतिया को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता के मकान को न गिराने की एवज में कुल 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

- 25 हजार रुपये पहले लिए, शेष रकम लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

शिकायतकर्ता ने SV&ACB को शिकायत दी थी कि आरोपी बिल्डिंग इंस्पेक्टर उसके मकान को गिराने की कार्रवाई न करने के बदले उससे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के अनुसार, आरोपी पहले ही 5 अक्टूबर 2026 को 25 हजार रुपये रिश्वत के रूप में ले चुका था। इसके बाद शेष 25 हजार रुपये देने के लिए शिकायतकर्ता से मांग की गई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए SV&ACB ने आज 6 अक्टूबर 2026 को ट्रैप लगाया। आरोपी चिम्मन लाल तेवतिया को शिकायतकर्ता से शेष 25 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रैप की कार्रवाई इंस्पेक्टर राजकुमार, इंचार्ज SV&ACB यूनिट पलवल के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान गजटेड ऑफिसर डॉ. महेंद्र सिंह, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, पलवल स्वतंत्र गवाह के रूप में मौजूद रहे।

- निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन

SV&ACB द्वारा ट्रैप की कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है। इस संबंध में FIR No. 23 dated 06.10.2026, धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत पुलिस थाना SV&ACB, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।

- भ्रष्टाचार के खिलाफ दें सूचना

SV&ACB ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी वैध कार्य के लिए रिश्वत की मांग करता है, तो वे इसकी सूचना तत्काल संबंधित भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी को दें। नागरिक ‘सतर्क–हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत तथा फोटो, वीडियो या ऑडियो जैसे साक्ष्य साझा कर सकते हैं। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के लिए SV&ACB की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 पर भी संपर्क किया जा सकता है। नागरिकों की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News