40 एकड़ जमीन पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण पर किया ध्वस्त, CEO ने दी ये सख्त चेतावनी
Udaipur Times, New Delhi : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और जमीन पर कब्जे के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को प्राधिकरण की टीम ने इलाहबास क्षेत्र में करीब 40 एकड़ जमीन पर कब्जे के लिए किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। अधिकारियों का कहना है कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी तरह का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इलाहबास में 40 एकड़ जमीन पर कार्रवाई
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, वर्क सर्किल-7 के अंतर्गत आने वाले इलाहबास क्षेत्र में करीब 40 एकड़ जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही थी। जमीन की खरीद-फरोख्त के लिए कुछ लोगों ने मौके पर कार्यालय भी बना लिया था। प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई करते हुए इस अवैध कार्यालय को भी ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई क्षेत्र में खसरा नंबर 373, 374, 375, 376, 384, 385, 387, 388, 389, 390, 391, 410 और 412 शामिल हैं। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को हटाया और जमीन को कब्जामुक्त कराया।
कार्रवाई का लोगों ने किया विरोध
अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम को लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। हालांकि, अधिकारियों ने कार्रवाई जारी रखी और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण का कहना है कि अधिसूचित क्षेत्र में जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या बिना अनुमति निर्माण करने की अनुमति नहीं है। प्राधिकरण के ओएसडी क्रांति शेखर ने कहा कि अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्राधिकरण की ओर से ऐसे क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है, जहां जमीन पर अवैध निर्माण या कॉलोनी विकसित करने की कोशिश की जा रही है।
सीईओ की अपील- जमीन खरीदने से पहले पूरी जानकारी लें
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने लोगों से अपील की है कि शहर और प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में जमीन खरीदने से पहले पूरी जानकारी जरूर हासिल करें। उन्होंने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। सीईओ ने लोगों को सलाह दी है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर जमीन से जुड़ी जानकारी और उसकी वैधता की जांच कर लें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लोग अवैध कॉलोनियों में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।
अवैध कॉलोनियों से सावधान रहने की जरूरत
ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में जमीन की मांग बढ़ने के साथ अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण से जुड़े मामले भी सामने आते रहे हैं। ऐसे में जमीन खरीदने वाले लोगों के लिए जरूरी है कि किसी भी प्लॉट की खरीद से पहले उसके दस्तावेज, जमीन की स्थिति और संबंधित प्राधिकरण की अनुमति की जांच कर लें।प्राधिकरण का कहना है कि अवैध तरीके से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से भी अपील की जा रही है कि सस्ती जमीन या जल्द मुनाफे के लालच में बिना जांच-पड़ताल किए निवेश न करें।