दिल्ली से बिहार के बीच दौड़ेगी बुलेट ट्रेन ! चंद घंटे में सफर होगा पूरा, जाने पूरा प्लान ?
Udaipur Times, New Delhi: ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। दिल्ली से पटना की दूरी भविष्य में प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर यानी बुलेट ट्रेन से महज साढ़े चार घंटे में तय की जा सकेगी।
जानकारी के अनुसार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को बताया कि प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर दिल्ली को उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख शहरों से जोड़ेगा। इस रूट पर दिल्ली से लखनऊ की यात्रा करीब 2 घंटे 12 मिनट में पूरी होने का अनुमान है।
वैष्णव के मुताबिक प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली-आगरा-कानपुर-लखनऊ-प्रयागराज-वाराणसी-पटना होगा। इस पर दिल्ली से आगरा (200 KM) की दूरी करीब 58 मिनट में, कानपुर (455 KM) की दूरी एक घंटे 50 मिनट में और लखनऊ (495 KM) की दूरी 2 घंटे 12 मिनट में तय की जा सकेगी। वहीं, दिल्ली से प्रयागराज (750 KM) करीब तीन घंटे, वाराणसी (945 KM) करीब 3 घंटे 33 मिनट और पटना (1,170 KM) करीब साढ़े चार घंटे में पहुंचने का अनुमान है।
मिली जानकारी के मुताबिक रेल मंत्री ने कहा कि परियोजना के साकार होने पर यह मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के बाद देश का अगला बुलेट ट्रेन कॉरिडोर होगा। उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच आवाजाही आसान होने के साथ व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।