बस कंडक्टर की बेटी बनी IPS, मां के बेइज्जती ने बदल दी जिंदगी, बिना कोचिंग क्रैक किया UPSC

 | 
बस कंडक्टर की बेटी बनी IPS, मां के बेइज्जती ने बदल दी जिंदगी, बिना कोचिंग क्रैक किया UPSC 

Udaipur Times, Success Story of IPS Shalini Agnihotri : कई बार जिंदगी की मुश्किलें ही इंसान की सबसे बड़ी ताकत बन जाती हैं। आर्थिक तंगी, सीमित संसाधन और समाज की चुनौतियां जहां कई लोगों के हौसले तोड़ देती हैं, वहीं कुछ लोग इन्हीं परिस्थितियों को अपनी सफलता की सीढ़ी बना लेते हैं। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी है IPS शालिनी अग्निहोत्री (IPS Shalini Agnihotri) की  जिन्होंने बस कंडक्टर की बेटी होने के बावजूद बड़े सपने देखे, उन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत की और बिना कोचिंग के UPSC परीक्षा पास कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में जगह बनाई।

बस कंडक्टर की बेटी बनी IPS

हिमाचल की रहने वाली हैं शालिनी

शालिनी अग्निहोत्री ( IPS Shalini Agnihotri)  हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले की रहने वाली हैं। उनके पिता बस कंडक्टर थे। शुरुआती पढ़ाई धर्मशाला में हुई। वह बचपन से ही मेधावी छात्रा थीं। उन्होंने 10वीं कक्षा में 92 प्रतिशत और 12वीं में 77 प्रतिशत अंक हासिल किए।

एग्रीकल्चर की पढ़ाई के बाद चुना UPSC का रास्ता

स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद शालिनी ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एग्रीकल्चर में ग्रेजुएशन किया। इसके बाद उन्होंने MSc में दाखिला लिया। पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्होंने अपने बचपन के सपने को साकार करने के लिए सिविल सेवा परीक्षा (UPSC) की तैयारी शुरू कर दी।

बस कंडक्टर की बेटी बनी IPS

मां के साथ हुई घटना बनी जिंदगी का टर्निंग प्वाइंट

शालिनी के जीवन में एक घटना ने बड़ा बदलाव ला दिया। एक बार वह अपनी मां के साथ बस में सफर कर रही थीं। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उनकी मां के साथ बदसलूकी की। यह घटना उन्हें अंदर तक झकझोर गई। उसी दिन उन्होंने तय कर लिया कि वह इतनी सक्षम बनेंगी कि अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़ी हो सकें। यही घटना उनके IPS बनने की सबसे बड़ी प्रेरणा बनी।

बिना कोचिंग की UPSC की तैयारी

जहां अधिकतर अभ्यर्थी UPSC की तैयारी के लिए महंगी कोचिंग का सहारा लेते हैं, वहीं शालिनी ने खुद पर भरोसा किया। उन्होंने ऑनलाइन स्टडी मटेरियल, सही रणनीति और लगातार मेहनत के दम पर तैयारी की। उनकी मेहनत रंग लाई और UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2011 में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 285 हासिल कर IPS बनने का सपना पूरा कर लिया।

दूसरी बार भी पास की UPSC

IPS बनने के बाद भी शालिनी यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने 2012 में एक बार फिर UPSC परीक्षा पास की और अपनी प्रतिभा साबित की। उनका सफर इस बात का उदाहरण है कि सफलता के लिए महंगे संसाधनों से ज्यादा जरूरी मजबूत इरादे, सही दिशा और निरंतर मेहनत होती है।

बस कंडक्टर की बेटी बनी IPS

शालिनी देश की लोकप्रिय आईपीएस अफसर

शालिनी (IPS Shalini Agnihotri) का नाम देश के सबसे लोकप्रिय आईपीएस अधिकारियों में गिना जाता है। कुछ साल पहले फेम इंडिया मैगजीन के सर्वे में देश के टॉप 50 आईपीएस अधिकारियों में शालिनी भी शामिल हो चुकी हैं। इस वर्ष जनवरी माह में उन्हें DIG के पद पर प्रमोट किया गया था।

पति भी हैं आईपीएस अफसर

संकल्प शर्मा (IPS Sankalp Sharma) 2012 बैच के यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वह कानपुर में ज्वाइंट पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) हैं। संकल्प शर्मा ने बीटेक और एमटेक की पढ़ाई के बाद सिविल सर्विस की ओर रुख किया था। वह मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। संकल्प शर्मा देवरिया, खीरी आदि जिलों में भी तैनात रह चुके हैं। शालिनी की बड़ी बहन डॉक्टर हैं और भाई आर्मी में हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News