पंचायती राज संस्थाओं में उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित
राज्य निवार्चन विभाग की ओर से पंचायती राज संस्थाओं में 31 अगस्त तक रिक्त हुए पदों के लिए उपचुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।

राज्य निवार्चन विभाग की ओर से पंचायती राज संस्थाओं में 31 अगस्त तक रिक्त हुए पदों के लिए उपचुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर रोहित गुप्ता द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के उपचुनाव के लिए अधिसूचना 15 नवंबर को जारी हो जाएगी। इसके लिए नाम निर्देशन पत्र 18 नवंबर तक सुबह 11 से अपराह्न 3 बजे तक प्रस्तुत किये जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों पर संवीक्षा 19 नवंबर को सुबह 11 बजे से होगी। नाम निर्देशन पत्र 21 नवंबर को अपराह्न तीन बजे तक वापस लिये जा सकेंगे। इसके तत्काल बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा।
इन पदों के लिए मतदान (यदि आवश्यक हुआ तो) 29 नवंबर को सुबह 8 बजे से सायं 5 बजे तक होगा और मतगणना 1 दिसंबर को सुबह 8 बजे से जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्धारित स्थान पर होगी। उप प्रधान का चुनाव 2 दिसम्बर को निर्धारित है।
इसी प्रकार पंच/सरपंच के उपचुनाव के लिए अधिसूचना 15 नवंबर को जारी होगी। इसके लिए नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति 25 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक, संवीक्षा सुबह 11.30 बजे से तथा नाम वापसी अपराह्न तीन बजे तक हो सकेगी।
इन पदों के लिए मतदान (यदि आवश्यक हुआ तो) 29 नवंबर, मंगलवार को सुबह 8 बजे से सायं 5 बजे तक होगा। मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात होगी। उप सरपंच का चुनाव 30 नवंबर को होगा।
उदयपुर जिले की निम्न पंचायतों में होंगे उपचुनाव
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर रोहित गुप्ता ने बताया कि जिले की विभिन्न पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्यों एवं ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं वार्ड पंचों के 31 अगस्त तक रिक्त हुए पदों के लिए उपचुनाव होंगे। इसके तहत सेमारी पंचायत समिति के पंचायत समिति सदस्य संख्या 5 (अजजा महिला), ऋषभदेव पंचायत समिति के पंचायत समिति सदस्य संख्या 15 (अजजा), बड़गांव पंचायत समिति के पंचायत समिति सदस्य संख्या 7 (अजजा महिला) तथा सायरा पंचायत समिति के पंचायत समिति सदस्य संख्या 10 (अजा महिला) के पदों के लिए उपचुनाव होंगे। वहीं सराड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत अदवास में सरपंच (अजजा महिला), गिर्वा की लकड़वास ग्राम पंचायत में सरपंच (अजजा), कुराबड़ के भैंसड़ाखुर्द पंचायत में वार्ड पंच संख्या 5 (अजजा महिला), गोगुन्दा की मोड़ी ग्राम पंचायत में वार्ड पंच संख्या 3 (अजजा महिला), मादा ग्राम पंचायत में वार्ड पंच संख्या 1 (अपिव) व वीरपुरा ग्राम पंचायत में वार्ड संख्या 1 (सामान्य), झाड़ोल की रोहिमाला ग्राम पंचायत के सरपंच (अजजा महिला), फलासिया की नेवज ग्राम पंचायत में वार्ड पंच संख्या 3 (अपिव) तथा सलूम्बर की उथरदा ग्राम पंचायत में वार्ड पंच संख्या 13 (अजजा महिला) के लिए उपचुनाव होंगे।
