सेन्ट्रल एकेडमी के विद्यार्थियों ने फतहपुरा चौराहा से हटाए पोस्टर

सेन्ट्रल एकेडमी सरदार पुरा के लगभग 30 छात्र-छात्राओं ने जिला प्रशासन के एक्शन उदयपुर कार्यक्रम के तहत जनसहभागिता के माध्यम से शहर के व्यस्ततम महत्वपूर्ण चौराहे को सुन्दर बनाने का कार्य प्रारम्भ किया।

 | 

सेन्ट्रल एकेडमी सरदार पुरा के लगभग 30 छात्र-छात्राओं ने जिला प्रशासन के एक्शन उदयपुर कार्यक्रम के तहत जनसहभागिता के माध्यम से शहर के व्यस्ततम महत्वपूर्ण चौराहे को सुन्दर बनाने का कार्य प्रारम्भ किया।

कार्यक्रम समन्वयक एवं मुख्य आयोजना अधिकारी सुधीर दवे ने बताया कि उक्त विद्यालय की 10 छात्राओं तथा 20 छात्रों के समूह द्वारा चौराहे पर लगे पोस्टर्स एवं अन्य चस्पा की गयी सामग्री को हटाया गया। चौराहे के मध्य में बने गोलाकार चबूतरे पर लगे बेनर्स तथा प्लास्टिक की रस्सियों को भी हटाया जाकर सफाई की गई।

चौराहे के किनारे पर बने शौचालय के पास फील्ड क्लब की दीवार पर विभिन्न कम्पनियों के चस्पा विज्ञापनों को हटाया जा रहा है। यह कार्य आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न संगठन तथा आम आदमी युवाओं के साथ जुड सकते हैं। चौराहे से निकलने वाले आम आदमी ने इस प्रशासनिक प्रयास को खूब सराहा।

छात्रों के साथ-साथ विद्यालय की शिक्षिका रूनु बेनर्जी ने भी श्रमदान में सहयोग कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के समन्वयक द्वारा आमजन से अपील की गई कि सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर आदि विज्ञापनों से शहर को गंदा नहीं किया जावे। ”एक्शन उदयपुर कार्यक्रम” के अन्तर्गत आमजन के सहयोग से जिला प्रशासन द्वारा शहर को सुन्दर एवं विकसित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News