केन्द्रीय पर्यवेक्षक ने ली चुनाव अधिकारियों की बैठक
विधानसभा आमचुनाव के लिए उदयपुर जिले हेतु नियुक्त सामान्य जागरूकता पर्यवेक्षक बीना यादव ने गुरुवार को चुनाव अधिकारियों की बैठक लेकर विस्तृत दिशा निर्देश दिए।
विधानसभा आमचुनाव के लिए उदयपुर जिले हेतु नियुक्त सामान्य जागरूकता पर्यवेक्षक बीना यादव ने गुरुवार को चुनाव अधिकारियों की बैठक लेकर विस्तृत दिशा निर्देश दिए।
जिला कलक्टर सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने सभी रिटर्निंग अधिकारियों से मतदाता जागरूकता अभियान के तहत की जा रही विभिन्न गतिविधियों की एक एक कर जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढाने के लिए निर्वाचन विभाग द्वारा विस्तृत दिशा निर्देश जारी किये गये हैं।
उन्होंने कहा कि स्वीप प्लान के तहत दिए दिशा निर्देशों के अनुरूप मतदाताओं को जागरूक कर ‘मतदान अवश्य करें’ के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि उदयपुर जिले में 99 प्रतिशत मतदाताओं के मतदाता फोटो पहचान पत्र बन चुके हैं। इस पर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि सभी मतदाताओं को जागरूक कर 1 दिसम्बर को मतदान दिवस पर मतदान के लिए प्रेरित करें।
बैठक में इस दौरान सभी रिटर्निंग अधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्र में किए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान की विस्तृत जानकारी दी। जिला कलक्टर आशुतोष पेडणेकर ने भी विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर रिटर्निंग अधिकारी सहित संबंधित चुनाव अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण सिहं, अतिरिक्त जिला कलक्टर मो.यासीन पठान सहित आदि अधिकारीगण मौजूद रहे।