हरियाणा में सेकेंडरी परीक्षा-2026 के 23 जुलाई से मिलेंगे प्रमाण-पत्र व माइग्रेशन, बोर्ड अध्यक्ष ने दी जानकारी
Udaipur Times, Haryana News, भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा सेकेंडरी परीक्षा मार्च 2026 के विद्यालयी/गुरुकुल/विद्यापीठों के परीक्षार्थियों के प्रमाण-पत्र/माइग्रेशन एवं कंपार्टमेंट/अनुत्तीर्ण कार्ड प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों पर 23 जुलाई को भेजे जा रहे हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल भूपड़ एवं सचिव मुनीश शर्मा ने प्रदेश के सभी सेकेंडरी विद्यालयों/गुरुकुलों/विद्यापीठों के मुखियाओं को इस बारे जानकारी देते हुए बताया कि वे उनके विद्यालय के परीक्षार्थियों के प्रमाण-पत्र/माइग्रेशन एवं कंपार्टमेंट/अनुत्तीर्ण कार्ड 23 जुलाई को सुबह 11 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक व 24 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संबंधित जिले के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि भिवानी के प्रमाण-पत्र बोर्ड मुख्यालय के कमरा नंबर 44 में वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यदि विद्यालय मुखिया स्वयं ये प्रमाण-पत्र प्राप्त नहीं कर सकते हैं, तो अपने विद्यालय के किसी भी अध्यापक/प्राध्यापक को इस काम के लिए प्राधिकृत करें।
जिस अध्यापक/प्राध्यापक को विद्यालय के मुखिया द्वारा प्राधिकृत किया जाता है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे अपने साथ प्राधिकरण पत्र अवश्य लेकर आएं अन्यथा उनको प्रमाण-पत्र नहीं दिए जाएंगे। प्राधिकरण पत्र न होने के कारण प्रमाण-पत्र न मिलने की जिम्मेदारी संबंधित संस्था की होगी।
