चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस का बड़ा फैसला, चालान की फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने पर होगी सख्त कार्रवाई
Udaipur Times, Chandigarh News, चंडीगढ़ : चंडीगढ़ ट्रैफिक एवं सुरक्षा पुलिस ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर की जाने वाली चालान कार्रवाई से जुड़ी फोटो और वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसार पर पूरी तरह रोक लगा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक एवं सुरक्षा) सुमेर प्रताप सिंह, आईपीएस द्वारा जारी आदेश में सभी ट्रैफिक अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी चालान या ट्रैफिक प्रवर्तन कार्रवाई से संबंधित फोटो अथवा वीडियो को व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (पूर्व में ट्विटर) या किसी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा नहीं करेंगे।
सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो शेयर करना बताया गैर-पेशेवर आचरण
जारी आदेश में कहा गया है कि पुलिस विभाग के संज्ञान में आया है कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कुछ ट्रैफिक अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल की तस्वीरें और वीडियो अपने व्हाट्सएप ग्रुपों तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर रहे हैं। विभाग ने इसे गैर-पेशेवर और अनुचित व्यवहार करार देते हुए तत्काल प्रभाव से इस पर प्रतिबंध लगा दिया है।
