हरियाणा में शहरी संपत्तियों की रजिस्ट्री के नियमों में बदलाव, अब ऐसे मिलेगी वैध-अवैध की ऑनलाइन स्वीकृति ?
Udaipur Times, Chandigarh News : हरियाणा राजस्व विभाग ने शहरी क्षेत्रों में संपत्तियों की रजिस्ट्री प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब शहरी क्षेत्रों में संपत्ति वैध है या अवैध, इसकी स्वीकृति जिला नगर योजनाकार (DTP) ऑनलाइन देंगे। इससे निकायों में जाने की आवश्यकता समाप्त हो गई है।
राजस्व विभाग ने वैध या अवैध क्षेत्र के विकल्प को हटा दिया है। नई व्यवस्था के तहत तहसीलों और निकायों की भूमिका सीमित हो गई है। पहले रजिस्ट्री के लिए निकायों से नो ड्यूज सर्टिफिकेट (एनडीसी) लेना पड़ता था। निकायों की जिला नगर योजनाकार शाखा एनडीसी का सत्यापन करती थी। यह प्रक्रिया अगस्त 2020 में शुरू की गई थी।
नई व्यवस्था के तहत अब रजिस्ट्री के आवेदन के साथ ही DTP के पास ऑनलाइन आवेदन पहुंच जाएगा। यदि संपत्ति वैध क्षेत्र में होगी तो DTP ऑनलाइन ही स्वीकृति दे देंगे। अवैध होने पर DTP पूरा विवरण और कारण बताते हुए आवेदन वापस कर देंगे। हरियाणा भू-अभिलेख निदेशालय के निदेशक यशपाल ने कहा कि समय की मांग के अनुसार नियमों में बदलाव किए जा रहे हैं।
यह नया बदलाव धारा-7ए के तहत अधिसूचित शहरी क्षेत्रों में लागू होगा। इससे संपत्ति पंजीकरण की प्रक्रिया सरल और तेज होने की उम्मीद है। निकाय क्षेत्रों में एक एकड़ से कम क्षेत्रफल वाली खाली जमीन की बिक्री, पट्टा, उपहार या विनिमय के लिए DTP की अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) आवश्यक है।
मालूम हो कि वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान बड़ी संख्या में रजिस्ट्री हुई थीं। उस दौरान रजिस्ट्री के लिए नगर निकायों से एनडीसी लाना अनिवार्य किया गया था। इससे पहले भी DTP ही एनओसी जारी करते थे।