हरियाणा में रिश्वतखोरी मामले में ESI के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, 2 लाख रिश्वत लेते हुआ था गिरफ्तार

 | 
हरियाणा में रिश्वतखोरी मामले में ESI के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, 2 लाख रिश्वत लेते हुआ था गिरफ्तार  

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB), फरीदाबाद ने भ्रष्टाचार के एक मामले में आरोपी ईएसआई होशियार सिंह, इंचार्ज ईआरवी-502, थाना चांदहट, जिला पलवल के खिलाफ माननीय न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की है। आरोपी के विरुद्ध धारा 7, 13(1)(बी) सहपठित 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (P.C. Act) तथा धारा 308(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत चालान माननीय श्री तैय्यब हुसैन, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, पलवल की अदालत में पेश किया गया है।

4 लाख रुपये रिश्वत की मांग का आरोप

मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता हरियाणा पुलिस विभाग का बर्खास्त कर्मचारी है। उसके विरुद्ध थाना कैंप पलवल में अभियोग संख्या 17/2023 दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान नामजद आरोपियों के फर्द-ए-इंकशाफ के आधार पर शिकायतकर्ता का नाम भी उक्त मामले में जोड़ा गया था। इस मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई थी और वर्तमान में वह न्यायालय से जमानत पर है। इसी अभियोग के संबंध में विभाग द्वारा उसे बर्खास्त भी किया गया था।

शिकायतकर्ता ने एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उक्त अभियोग में फैसला कराने के नाम पर ईएसआई होशियार सिंह ने उससे 4 लाख रुपये रिश्वत की मांग की। सौदा 4 लाख रुपये में तय हुआ, जिसमें 2 लाख रुपये तत्काल देने तथा शेष 2 लाख रुपये फैसला होने के बाद देने की बात तय हुई।

2 लाख रुपये लेते रंगे हाथों दबोचा

शिकायत के आधार पर राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद की टीम ने 7 जुलाई 2026 को ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी ईएसआई होशियार सिंह को शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग करने और स्वीकार करने के आरोप में रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।

इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में अभियोग संख्या 15 दिनांक 07.07.2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

न्यायिक हिरासत में आरोपी

मामले की जांच पूरी होने के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद द्वारा 3 सितंबर 2026 को आरोपी ईएसआई होशियार सिंह के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की गई। आरोपी वर्तमान में जिला जेल नीमका, फरीदाबाद में न्यायिक हिरासत में बंद है।

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा रिश्वतखोरी में संलिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News