हरियाणा में रिश्वत मांगने के मामले में पटवारी व निजी कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, जाने पूरा मामला ?

 | 
हरियाणा में रिश्वत मांगने के मामले में पटवारी व निजी कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, जाने पूरा मामला ?

Udaipur Times, Haryana News, फरीदाबाद : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB), फरीदाबाद ने भ्रष्टाचार के एक मामले में पटवारी नवीन तथा निजी कंप्यूटर ऑपरेटर रूपेश के खिलाफ माननीय न्यायालय में चालान/चार्जशीट दाखिल की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 7, 7A, 13(1)(B) सहपठित 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा धारा 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

क्या था मामला -

मामला एक प्लॉट की म्यूटेशन दर्ज करने के एवज में रिश्वत मांगने से संबंधित है। शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी शिकायत में बताया था कि उसकी माता श्रीमती भगवती ने वर्ष 2006 में नई बस्ती, सल्लागढ़ में 100 गज का प्लॉट खरीदा था और उसी वर्ष उसकी रजिस्ट्री भी करवा ली थी। हालांकि, उस समय म्यूटेशन नहीं करवाई गई थी। म्यूटेशन दर्ज करवाने के लिए शिकायतकर्ता जब पटवार घर, पलवल पहुंचा तो उसने संबंधित पटवारी नवीन को प्लॉट की रजिस्ट्री की प्रति दी। 

पटवारी ने दस्तावेज जांचने के लिए अपने कार्यालय में कार्यरत निजी कंप्यूटर ऑपरेटर रूपेश को दिए। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने आपस में बातचीत कर म्यूटेशन दर्ज करने के नाम पर ₹1 लाख रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता के बार-बार अनुरोध करने पर रिश्वत की रकम घटाकर ₹50 हजार की गई। 

बाद में शिकायतकर्ता की असमर्थता जताने पर पटवारी नवीन ने कथित तौर पर ₹45 हजार देने की बात कही। अंततः बातचीत के बाद ₹40 हजार में सौदा तय हुआ, जिसमें ₹30 हजार अग्रिम तथा शेष ₹10 हजार म्यूटेशन दर्ज होने के बाद देना तय हुआ।

शिकायत के आधार पर 7 नवंबर 2025 को SV&ACB फरीदाबाद की टीम ने कार्रवाई करते हुए पटवारी नवीन को उसके कार्यालय, पटवार घर पलवल से रिश्वत मांगने व लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। दूसरा नामजद आरोपी निजी कंप्यूटर ऑपरेटर रूपेश मौके पर मौजूद नहीं था, जिसे बाद में जांच के दौरान नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। 

इस संबंध में अभियोग संख्या 27 दिनांक 07.11.2025, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में दर्ज किया गया था। मामले की जांच पूरी होने के बाद आज दोनों आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की गई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News