50 से 500 रुपये तक के नोट ऐसे करें चेक, इस ट्रिक से तुरंत पता चलेगा असली है या नकली ?

 | 
50 से 500 रुपये तक के नोट ऐसे करें चेक, इस ट्रिक से तुरंत पता चलेगा असली है या नकली ?

Udaipur Times, How to distinguish between Real and Fake notes : आज के दौर में डिजिटल पेमेंट का चलन तेजी से बढ़ा है, लेकिन हर दिन के लेनदेन में अब भी बड़ी संख्या में लोग नकद (कैश) का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में कई बार सब्जी वाले से लेकर बड़े दुकानदार तक कोई भी आपके हाथ में नकली नोट थमा सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने लोगों को नकली नोटों से बचाने के लिए कई सिक्योरिटी फीचर्स दिए हैं, जिनकी मदद से 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की आसानी से पहचान की जा सकती है।

रोशनी के सामने रखें नोट, तुरंत चल जाएगा पता

RBI के अनुसार, असली नोट की पहचान करने का सबसे आसान तरीका See-Through Register है। इसके लिए नोट को किसी बल्ब या सूरज की रोशनी के सामने सीधा रखें। ऐसा करने पर नोट के बाईं ओर बनी डिजाइन मिलकर नोट की कीमत (50, 100, 200 या 500) साफ दिखाई देती है। अगर नंबर स्पष्ट और सही दिखाई दे, तो नोट असली होने की संभावना अधिक होती है।

क्या होता है See-Through Register?

See-Through Register RBI का एक खास सिक्योरिटी फीचर है। नोट के आगे और पीछे छपी डिजाइन रोशनी के सामने एक-दूसरे से मिलकर पूरा अंक बनाती है। उदाहरण के तौर पर, 500 रुपये के नोट में यह फीचर नीचे बाईं ओर होता है। यदि रोशनी में देखने पर '500' साफ नजर नहीं आता या अधूरा दिखता है, तो नोट की जांच जरूर करानी चाहिए।

हालांकि, केवल इसी फीचर के आधार पर नोट की असलियत तय नहीं करनी चाहिए। इसके साथ अन्य सुरक्षा फीचर्स भी जांचना जरूरी है।

हर नोट की पहचान ऐसे करें

50 का नोट: फ्लोरोसेंट ब्लू (हल्का नीला) रंग, पीछे हम्पी के रथ की तस्वीर।

100 का नोट: लैवेंडर (हल्का बैंगनी) रंग, पीछे गुजरात की रानी की वाव।

200 का नोट: चमकीला पीला रंग, पीछे सांची स्तूप।

500 का नोट: स्टोन ग्रे (स्लेटी) रंग, पीछे तिरंगे के साथ लाल किले की तस्वीर।

इन 3 सिक्योरिटी फीचर्स को भी जरूर देखें

सिक्योरिटी थ्रेड: 100, 200 और 500 रुपये के नोट में लगा धागा नोट को झुकाने पर हरे से नीले रंग में बदलता है।

वॉटरमार्क: रोशनी में देखने पर महात्मा गांधी की तस्वीर और नोट का मूल्य दिखाई देता है।

उभरी हुई छपाई: RBI, महात्मा गांधी की तस्वीर और कुछ अन्य हिस्सों को छूने पर हल्की उभरी हुई छपाई महसूस होती है।

RBI का MANI ऐप भी कर सकता है मदद

अगर नोट की पहचान करने में परेशानी हो रही है, तो RBI का MANI (Mobile Aided Note Identifier) ऐप इस्तेमाल किया जा सकता है। यह ऐप मोबाइल कैमरे से नोट स्कैन कर उसकी वैल्यू ऑडियो और वाइब्रेशन के जरिए बताता है। हालांकि, यह ऐप नोट के असली या नकली होने की पुष्टि नहीं करता, बल्कि केवल उसकी कीमत की जानकारी देता है।

नकली नोट मिले तो क्या करें?

अगर किसी नोट पर शक हो, तो उसे किसी दूसरे व्यक्ति को देने की कोशिश न करें। ऐसे नोट को जांच के लिए बैंक में जमा कराएं या पुलिस को इसकी सूचना दें। थोड़ी-सी सावधानी आपको आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानी दोनों से बचा सकती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News