बच्चे न तो अपने माता-पिता की "संपत्ति" हैं और न ही उनके "खिलौने", जानिए कोर्ट ने ऐसा क्यों कहा ?
Udaipur Times, Supreme Court guardianship cases : सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि किसी नाबालिग के लिए अभिभावक (गार्जियन) नियुक्त करते समय, अदालत के लिए उस बच्चे का कल्याण सबसे महत्वपूर्ण होता है। कोर्ट ने टिप्पणी की कि बच्चे न तो अपने माता-पिता की "संपत्ति" हैं और न ही उनके "खिलौने"।
पिता को भी अपने बच्चों के साथ समय बिताने का अधिकार
माता-पिता के तलाक के बाद दो नाबालिग बच्चों की कस्टडी से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई करते हुए, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बच्चों को उनकी माँ से अलग नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि इतने सालों में उनके बीच एक गहरा और स्वाभाविक जुड़ाव बन गया है।
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपारेश कुमार सिंह की बेंच ने कहा कि पिता को भी अपने बच्चों के साथ समय बिताने का अधिकार है, जो एक "टूटी हुई शादी" के शिकार हैं।
अदालत ने निर्देश दिया कि पिता को हर महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे के बीच, मदुरै के गांधी संग्रहालय में अपने नाबालिग बच्चों से मिलने की अनुमति दी जाए।
बच्चे न तो अपने माता-पिता की संपत्ति हैं और न ही उनके खिलौने
बेंच ने कहा कि जब अदालत के सामने माता-पिता की ओर से अलग-अलग मांगें आती हैं, तो उसे इस मामले को केवल कानूनी नजरिए से नहीं देखना चाहिए। कोर्ट ने कहा, "ऐसे मामलों में, मानवीय पहलुओं पर विचार करना भी जरूरी है। अक्सर कहा जाता है कि बच्चे न तो अपने माता-पिता की संपत्ति हैं और न ही उनके खिलौने।" अदालत ने ये टिप्पणियां तब कीं, जब वह दो लड़कों (जो अब 16 और 14 साल के हैं) की माँ द्वारा दायर एक अपील पर सुनवाई कर रही थी।
वैवाहिक विवादों के कारण चार मामले दर्ज किए गए
महिला ने मद्रास हाई कोर्ट के अक्टूबर 2024 के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें फैमिली कोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा गया था, जिसके तहत लड़कों की कस्टडी उनके पिता को सौंप दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उसके सामने मुख्य सवाल यह है कि क्या उन बच्चों की कस्टडी जो मई 2014 से लगातार अपनी माँ के साथ रह रहे हैं उनके पिता को सौंप दी जानी चाहिए, जो उनके स्वाभाविक अभिभावक (नेचुरल गार्जियन) हैं। बेंच ने बताया कि इस जोड़े की शादी अगस्त 2009 में हुई थी, और उनके दो बच्चे मदुरै में क्रमशः जुलाई 2010 और मई 2012 में पैदा हुए थे।
कोर्ट ने बताया कि वैवाहिक विवादों के कारण चार मामले दर्ज किए गए थे और पति द्वारा दायर तलाक की याचिका पर, क्रूरता के आधार पर शादी को खत्म कर दिया गया था। बेंच ने बताया कि उसने बच्चों सहित सभी पक्षों से बात की है और पाया कि लड़कों ने स्पष्ट रूप से अपनी मां के साथ रहने की इच्छा जताई है।
अदालत के लिए नाबालिग का कल्याण सबसे महत्वपूर्ण
अदालत ने कहा, "अभिभावक नियुक्त करते समय, अदालत के लिए नाबालिग का कल्याण सबसे महत्वपूर्ण होता है। ऐसा करते समय, अदालत को नाबालिग की उम्र, लिंग और धर्म के साथ-साथ प्रस्तावित अभिभावक के चरित्र और क्षमता को भी ध्यान में रखना चाहिए।"
अदालत ने आगे कहा कि यह एक स्थापित सिद्धांत है कि अदालत का फैसला पूरी तरह से नाबालिग के कल्याण पर आधारित होना चाहिए।